Aapka Rajasthan

बाढ़ से टूटे दो पुल अमरनाथ यात्रा से पहले तैयार, उपराज्यपाल और केंद्रीय मंत्री ने गडकरी को कहा 'धन्यवाद'

श्रीनगर, 25 जून (आईएएनएस)। जम्मू-कश्मीर के कालीबाड़ी के पास रावी नदी और सेहर खड्ड पर बने पुल बाढ़ से क्षतिग्रस्त हो गए थे। अब इन दोनों पुलों की मरम्मत कर उन्हें फिर से तैयार कर दिया गया है। केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने इसकी जानकारी दी है।
 

श्रीनगर, 25 जून (आईएएनएस)। जम्मू-कश्मीर के कालीबाड़ी के पास रावी नदी और सेहर खड्ड पर बने पुल बाढ़ से क्षतिग्रस्त हो गए थे। अब इन दोनों पुलों की मरम्मत कर उन्हें फिर से तैयार कर दिया गया है। केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने इसकी जानकारी दी है।

नितिन गडकरी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा कि जम्मू-कश्मीर में एनएच-44 पर कालीबाड़ी के पास रावी नदी और सेहर खड्ड पर बने बाढ़ से क्षतिग्रस्त दो पुलों की मरम्मत और पुनर्निर्माण का कार्य सफलतापूर्वक पूरा कर लिया गया है।

गडकरी ने बताया कि पिछले साल आई अचानक बाढ़ के दौरान ये दोनों पुल बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए थे, जिससे पंजाब और जम्मू-कश्मीर के बीच संपर्क बाधित हो गया था। इन पुलों की रणनीतिक और यातायात की दृष्टि से अत्यधिक महत्वपूर्ण भूमिका को देखते हुए पुनर्स्थापना कार्य को प्राथमिकता के आधार पर लिया गया और तय समय सीमा में पूरा कर लिया गया।

उन्होंने कहा कि इन पुलों के दोबारा शुरू होने से अब यात्रियों और माल ढुलाई की आवाजाही सुचारू हो सकेगी। इसके साथ ही वार्षिक अमरनाथ यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं को भी बड़ी राहत मिलेगी।

इस पर जम्मू-कश्मीर के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने प्रतिक्रिया दी और इसे आगामी अमरनाथ यात्रा से पहले अच्छी खबर बताया। उन्होंने नितिन गडकरी का आभार जताते हुए कहा कि यह महत्वपूर्ण कनेक्टिविटी बहाल होने से तीर्थयात्रियों और आम लोगों को काफी सुविधा मिलेगी।

मनोज सिन्हा ने एक्स पर लिखा कि आने वाली श्री अमरनाथ जी यात्रा से पहले एक बहुत अच्छी खबर है। एनएच-44 पर कालीबाड़ी के पास रावी नदी और सेहर खड्ड पर बने दो अहम पुल, जो पिछले साल अचानक आई बाढ़ में क्षतिग्रस्त हो गए थे, उन्हें सफलतापूर्वक ठीक कर लिया गया है। इस अहम संपर्क मार्ग को फिर से चालू करने के लिए केंद्रीय सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी जी का बहुत-बहुत धन्यवाद। इससे श्री अमरनाथ जी के तीर्थयात्रियों को बहुत फायदा होगा और यात्रियों व सामान की आवाजाही सुचारू रूप से हो सकेगी।

इसी तरह, केंद्रीय राज्य मंत्री जितेंद्र सिंह ने भी इस कार्य की सराहना की। उन्होंने कहा कि कालीबाड़ी (कठुआ) के पास रावी नदी और सेहर खड्ड पर बने पुलों का समय पर पुनर्निर्माण यात्रियों, व्यापारियों, पर्यटकों और श्रद्धालुओं के लिए बड़ी राहत है।

जितेंद्र सिंह ने एक्स पर लिखा कि कठुआ के लिए अच्छी खबर! पवित्र अमरनाथ यात्रा से ठीक पहले कठुआ के कालीबाड़ी के पास रावी नदी और सेहर खड्ड पुलों की समय पर मरम्मत के लिए केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी का धन्यवाद। इससे यात्रियों, व्यापारियों, पर्यटकों और तीर्थयात्रियों के लिए यात्रा करना आसान हो गया है।

उन्होंने इसे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सरकार के पिछले 12 वर्षों के बुनियादी ढांचा विकास और जम्मू-कश्मीर में कनेक्टिविटी सुधार पर लगातार फोकस का परिणाम बताया।

--आईएएनएस

एएमटी/वीसी