आयुष मंत्रालय भर्ती 2026: प्रोफेसर सहित 35 पदों पर आवेदन शुरू, सैलरी 2 लाख से अधिक
नई दिल्ली, 29 अप्रैल (आईएएनएस)। आयुष मंत्रालय के अंतर्गत उत्तर पूर्वी आयुर्वेद एवं लोक चिकित्सा अनुसंधान संस्थान (एनईआईएएफएमआर) ने प्रोफेसर सहित ग्रुप-ए और ग्रुप-सी के अलग-अलग कुल 35 पदों पर भर्ती के लिए एक आधिकारिक अधिसूचना जारी करके योग्य और इच्छुक उम्मीदवारों से आवेदन आमंत्रित किए हैं।
एनईआईएएफएमआर ने जिन 35 पदों पर रिक्तियां निकाली हैं, उनमें प्रोफेसर (आयुर्वेद) के 1, एसोसिएट प्रोफेसर (आयुर्वेद- उम्र 56 वर्ष) के 7, एसोसिएट प्रोफेसर (आयुर्वेद- उम्र 50 वर्ष) के 7, असिस्टेंट प्रोफेसर (आयुर्वेद) के 2, पैथोलॉजिस्ट के 1, पीडियाट्रिशियन (बच्चों का चिकित्सक) के 1, प्रसूति एवं स्त्रीरोग विशेषज्ञ (ऑब्स्टट्रिशन एंड गायनोकॉलोजी) के 1, एनेस्थेसियोलॉजिस्ट के 1, ऑप्थेल्मोलॉजिस्ट (नेत्र रोग विशेषज्ञ) के 1, रेडियोलॉजिस्ट के 1, फार्माकोग्नोसिस्ट के 1, एथनोबोटैनिस्ट के 1, हर्बेरियम क्यूरेटर/संग्रहालय क्यूरेटर के 1, रेजिडेंट मेडिकल ऑफिसर के 3, सीनियर असिस्टेंट के 2, पंचकर्म असिस्टेंट (पुरुष) के 2, और पंचकर्म असिस्टेंट (महिला) के 2 पद शामिल हैं।
इन पदों के लिए ऑफलाइन माध्यम से आवेदन प्रक्रिया शुरू हो गई है और अप्लाई करने की अंतिम तिथि 8 जून तय की गई है। ऐसे में जो योग्य और इच्छुक उम्मीदवार एप्लीकेशन फॉर्म भरना चाहते हैं, वे तय लास्ट डेट तक या उससे पहले अपना रजिस्ट्रेशन फॉर्म जमा कर सकते हैं।
एप्लीकेशन फॉर्म भरने वाले अभ्यर्थियों के पास किसी भी मान्यता प्राप्त संस्थान या विश्वविद्यालय से संबंधित पद अनुसार ग्रेजुएशन या पोस्ट-ग्रेजुएशन की डिग्री आयुर्वेद में होनी चाहिए। इसी के साथ कैंडिडेट्स के पास अन्य निर्धारित पात्रता और तय सालों का अनुभव होना भी अनिवार्य है।
उम्मीदवारों की अधिकतम आयु पद अनुसार 25 से 56 साल के बीच तय की गई है, जिसकी गणना आवेदन के अंतिम तिथि के अनुसार की जाएगी। वहीं, योग्य अभ्यर्थियों का चयन शॉर्टलिस्टिंग, परीक्षा/इंटरव्यू, आदि चरणों के आधार पर किया जाएगा, जिसके बाद चयनित कैंडिडेट्स की सैलरी पद अनुसार 25,500 से 2,15,900 रुपए के बीच प्रति माह होगी। इसी के साथ कैंडिडेट्स को अन्य लाभ और भत्ते भी दिए जाएंगे।
रजिस्ट्रेशन फॉर्म भरते समय उम्मीदवारों को अपने वर्ग अनुसार निर्धारित आवेदन शुल्क का भुगतान करना होगा, जो जनरल/ओबीसी/ईडब्लूएस के लिए ग्रुप-ए पद के लिए 1,500 रुपए और ग्रुप-सी पद के लिए 500 रुपए तय किया गया है। वहीं, एससी/एसटी श्रेणी से आने वाले कैंडिडेट्स को ग्रुप-ए के लिए 750 रुपए और ग्रुप-सी पद के लिए 250 रुपए का भुगतान करना होगा।
आवेदन करने के लिए उम्मीदवार सबसे पहले आयुष मंत्रालय या एनईआईएएफएमआर की आधिकारिक वेबसाइट पर जाएं। होमपेज पर जाने के बाद संबंधित पद के लिए जारी ऑफिशियलल नोटिफिकेशन लिंक पर क्लिक करें। इसके बाद अधिसूचना में दिए गए एप्लीकेशन फॉर्म को डाउनलोड कर उसका प्रिंट आउट निकाल लें। फिर फॉर्म में मांगी गई सभी जानकारियों को दर्ज करें। मांगे गए सभी डॉक्यूमेंट्स को आवेदन के साथ अटैच करें। इसके बाद एप्लीकेशन फॉर्म को एक लिफाफे में डालने के बाद उसे 'निदेशक, उत्तर पूर्वी आयुर्वेद एवं लोक चिकित्सा अनुसंधान संस्थान, एपीएसटी बस स्टैंड के सामने, डाकघर-पासीघाट, जिला- पूर्वी सियांग, अरुणाचल प्रदेश-791 102' पते पर डाक कर दें। इसी के साथ अभ्यर्थी भविष्य के संदर्भ के लिए आवेदन पत्र की एक कॉपी सुरक्षित निकाल कर रख लें।
--आईएएनएस
डीके/डीकेपी
