अयोध्या में 17.6 करोड़ की लागत से बनेगा 'इनडोर स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स', खिलाड़ियों को मिलेंगी अत्याधुनिक सुविधाएं
नई दिल्ली, 29 अगस्त (आईएएनएस)। 'राम नगरी' अयोध्या में खेल प्रतिभाओं को निखारने के लिए 17.6 करोड़ की लागत से भव्य 'इंडोर स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स' तैयार होने जा रहा है। वैश्विक नगरोदय योजना के तहत अयोध्या नगर निगम इस स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स का निर्माण करवा रहा है। अयोध्या धाम में शनिवार को महापौर गिरीश त्रिपाठी ने इंडोर स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स का भूमि पूजन किया।
इस इंडोर स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स का निर्माण 1 साल में पूरा कराने का लक्ष्य है, जिसमें बैडमिंटन, टेनिस, टेबल टेनिस, बास्केटबॉल, वॉलीबॉल, कुश्ती और बॉक्सिंग जैसे खेलों के लिए अत्याधुनिक सुविधाएं होंगी। इसके साथ ही खिलाड़ियों की फिटनेस के लिए जिम्नेजियम और योगा सेंटर भी होगा।
शनिवार को भूमि पूजन के मौके पर अयोध्या के म्युनिसिपल कमिश्नर जयेंद्र कुमार ने 'आईएएनएस' को बताया कि स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में बैडमिंटन, टेबल टेनिस, बॉक्सिंग, कुश्ती और योग जैसी खेल गतिविधियों के लिए सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। इसके अलावा, परिसर में आधुनिक जिम और योग केंद्र भी बनाया जाएगा। परियोजना को करीब एक साल के भीतर पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है।
उन्होंने कहा, "वैश्विक नगरोदय योजना के अंतर्गत 17.6 करोड़ रुपए की लागत से बनने वाले इस स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स का भूमि पूजन माहौपर द्वारा किया गया है। इसमें बैडमिंटन, टेबल टेनिस, बॉक्सिंग और योगा से जुड़ी सुविधाएं मिलेंगी। इसके एक साल में पूर्ण होने की संभावना है।"
मंडल क्रीड़ा अधिकारी अनिमेष सक्सेना ने कहा, "इंडोर गेम्स के लिए बहुत कम सुविधा है। नगर निगम ने इस बारे में सोचा। हमारे यहां इंडोर गेम्स के अंदर मल्टीलेवल बिल्डिंग बनाने का निर्णय लिया गया है, जिसमें टेबल टेनिस, जिम कुश्ती जैसे खेलों के लिए सुविधाएं मिलेंगी, जिससे स्थानीय खिलाड़ियों को सुविधाएं मिलेंगी।"
अयोध्या में बनने वाला 17.6 करोड़ रुपए का इंडोर स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स खिलाड़ियों को विश्वस्तरीय प्रशिक्षण और आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराएगा। इससे स्थानीय खेल प्रतिभाओं को निखरने का अवसर मिलेगा, युवाओं की खेलों में भागीदारी बढ़ेगी और राष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ियों को तैयार करने में मदद मिलेगी। साथ ही खेल संस्कृति को भी बढ़ावा मिलेगा।
--आईएएनएस
आरएसजी
