अयोध्या के राम मंदिर चढ़ावा चोरी से सनातन को हुई क्षति : धीरेन्द्र शास्त्री
भोपाल 30 जून (आईएएनएस) मध्य प्रदेश के छतरपुर स्थित बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री ने अयोध्या के राम मंदिर में चोरी की घटना सामने आने पर दुख जताते हुए कहा है कि इस घटना से सनातन को क्षति हुई है । बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री ने संवाददाताओं से बातचीत करते हुए कहा है कि अयोध्या के राम मंदिर की घटना से लाखों करोड़ों राम भक्तों की श्रद्धा को आघात पहुंचा है।
उन्होंने कहा कि इस घटना से लोगों की मंदिर, संतो के प्रति जो श्रद्धा है उसे ठोस पहुंची है। जो हमारी सनातन परंपरा है, प्राचीन परंपराएं हैं जिससे लोग जुड़े हुए थे उनके हृदय पर आघात लगा।इस घटना से सनातन को क्षति हुई है। यह कुकृत्य जिन लोगों ने किया है, महादंड पाएंगे। उन्होंने रावण के अपराध का जिक्र करते हुए कहा कि रावण ने मां सीता का हरण किया था उसका समूल वंश का नष्ट हुआ था। जिन्होंने भगवान राम के यहां पर रहकर इस तरह का कार्य किया वे महादंड पाएंगे।
उन्होंने कहा कि यही धर्मविरोधी ताकतें मंदिर और संतों पर प्रश्नचिन्ह खड़े कर रहे हैं। राम मंदिर की इस घटना के बाद सनातनी वैष्णव परंपरा, संत परंपरा जो भगवान के प्रति पूर्ण समर्पित हैं, ऐसे लोगों को भगवान के मंदिर की सेवा का कार्य मिलना चाहिए।
बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री ने इंडोनेशिया के मुस्लिमों का जिक्र करते हुए कहा कि भारत के मुसलमानों को इंडोनेशिया जाना चाहिए और वहां देखना चाहिए कि वहां जो लोग दिन में पांच वक्त की नमाज पढ़ते हैं, वे दीपावली का दीया भी जलाते हैं। वहां मुस्लिम राम कथा में भी आते हैं और सभी परंपराओं का सम्मान भी करते हैं। ऐसा इंडोनेशिया में हमने जाकर देखा।
उन्होंने इंडोनेशिया के बाली का उदाहरण देते हुए कहा कि बाली एक ऐसी जगह है, जहां हिंदू बाहुल्य हैं और वहां हिंदू अपने नववर्ष पर 24 घंटे का निर्जला उपवास करता है, मौन रखता है और उसके समर्थन मे वहां के मुसलमान माइक से अजान नहीं पढ़ते हैं।
--आईएएनएस
एसएनपी/पीएम
