Aapka Rajasthan

लखनऊ : अवैध मादक पदार्थों की तस्करी करने वाले छह शातिर गिरफ्तार

लखनऊ, 4 सितंबर (आईएएनएस)। अवैध मादक पदार्थों की तस्करी करने वाले छह सक्रिय तस्करों को एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स की ऑपरेशनल इकाई लखनऊ ने गिरफ्तार कर लिया है। इनके कब्जे से भारी मात्रा में प्रतिबंधित दवाएं, मोबाइल फोन और नकदी बरामद की गई है।
 

लखनऊ, 4 सितंबर (आईएएनएस)। अवैध मादक पदार्थों की तस्करी करने वाले छह सक्रिय तस्करों को एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स की ऑपरेशनल इकाई लखनऊ ने गिरफ्तार कर लिया है। इनके कब्जे से भारी मात्रा में प्रतिबंधित दवाएं, मोबाइल फोन और नकदी बरामद की गई है।

इस पूरे अभियान का संचालन पुलिस महानिदेशक उत्तर प्रदेश, अपर पुलिस महानिदेशक कानून एवं व्यवस्था और अपर पुलिस महानिदेशक अपराध के मार्गदर्शन में पुलिस महानिरीक्षक एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स के निर्देश पर किया गया।

गिरफ्तार किए गए आरोपियों में लखनऊ निवासी लक्षित वासवानी, समीर अहमद, शाद इरशाद, उमेश कुमार, आजमगढ़ निवासी सतेंद्र सिंह और विशाल चौरसिया शामिल हैं।

पुलिस ने इन्हें कन्हैया फार्मा ट्रांसपोर्टिंग कमिश्नरेट लखनऊ स्थित स्थान से चार सितंबर को पकड़ा। इनके पास से कोडीन युक्त खांसी की सात सौ बीस बोतलें, ट्रामेडोल हाइड्रोक्लोराइड वाले 1.30 लाख कैप्सूल और अल्प्राजोलाम की 9.60 लाख गोलियां बरामद हुईं। इन दवाओं की अनुमानित कीमत 71 लाख 44 हजार 180 रुपए आंकी गई है। साथ ही, सात मोबाइल फोन और 11 हजार 140 रुपए नकद भी बरामद किया गया।

पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे सभी मिलकर पैसे लगाते हैं और अवैध नशीली दवाओं का गुप्त तरीके से क्रय-विक्रय करते हैं। अधिक मुनाफा कमाने के लिए वे इन दवाओं को किसी पार्टी को डिलीवरी कर देते हैं। बदले में उन्हें ज्यादा पैसा मिलता है जिसे वे आपस में बांट लेते हैं और अपनी जरुरतों को पूरा करते हैं।

पूछताछ से कई महत्वपूर्ण जानकारियां मिली हैं। पुलिस अब अन्य कड़ियों पर काम कर रही है और इस अपराध में शामिल अन्य सहयोगियों के खिलाफ भी कार्रवाई की जा रही है।

मामले में आरोपियों के विरुद्ध थाना सरोजिनी नगर जनपद कमिश्नरेट लखनऊ में नारकोटिक ड्रग्स एंड साइकोट्रॉपिक सब्सटेंस एक्ट की विभिन्न धाराओं के अंतर्गत मुकदमा दर्ज कराया गया है। कानूनी कार्रवाई जारी है। गिरफ्तारी और बरामदगी का कार्य एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स यूनिट लखनऊ की टीम ने किया, जिसमें उप निरीक्षक सूरज सिंह, हेड कांस्टेबल दीपक कुमार, सौरभ कुमार सिंह, मोहम्मद तारिक, संजय पटेल, खालिद खान, दिनेश कुमार सिंह, पीयूष कुमार सिंह, कांस्टेबल अमरजीत कुमार तथा महिला कांस्टेबल प्रतिमा शुक्ला शामिल थे।

औषधि निरीक्षक विवेक कुमार सिंह और संदेश मौर्य ने भी सहयोग दिया।

--आईएएनएस

एसएचके/एबीएम