बिहार: अवैध संबंध के शक में अर्जुन पंडित की हत्या, तीन आरोपी गिरफ्तार
मोतिहारी, 11 जून (आईएएनएस)। बिहार के पूर्वी चंपारण जिले के रामगढ़वा थाना क्षेत्र में 23 मई को हुई अर्जुन पंडित की हत्या के मामले में पुलिस ने गुरुवार को तीन लोगों को गिरफ्तार कर इस मामले का खुलासा कर दिया।
पुलिस ने इस मामले का खुलासा करते हुए दावा किया कि अवैध संबंध को लेकर हुए विवाद के कारण हत्या की वारदात को अंजाम दिया गया था। पुलिस के मुताबिक, 23 मई की अहले सुबह पचभिड़िया गांव के समीप एक बगीचे से अर्जुन पंडित का शव बरामद किया गया था।
पुलिस इस मामले को लेकर अज्ञात लोगों के विरुद्ध हत्या की प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू की गई। लेकिन यह केस पूरी तरह ब्लाइंड था। पूरे मामले की जांच के लिए पुलिस अधीक्षक स्वर्ण प्रभात ने अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी मनीष आनंद के निर्देशन और थानाध्यक्ष राजीव कुमार साह के नेतृत्व में गठित टीम ने कॉल डिटेल रिकॉर्ड और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर जांच को आगे बढ़ाया। पुलिस के सामने गांव के ही धनेश महतो का नाम आया।
पुलिस ने तत्काल धनेश महतो को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की तो पूरे मामले का भंडाफोड़ हो गया। पूछताछ में उन्होंने स्वीकार किया कि उसकी पत्नी और मृतक अर्जुन पंडित के बीच कथित रूप से संबंध होने को लेकर विवाद चल रहा था।
स्वीकारोक्ति बयान में बताया गया कि उसकी पत्नी का मृतक अर्जुन पंडित के साथ लंबे समय से अवैध संबंध था, कई बार समझाने के बावजूद भी मृतक द्वारा उनके पत्नी से बार-बार बातचीत की जा रही थी। इसी विवाद के कारण उसने अपने दो ग्रामीण साथियों के साथ मिलकर हत्या की योजना बनाई। इन सभी ने अर्जुन पंडित को लोहे के रॉड से पीटकर और गला दबाकर उसकी हत्या कर दी और शव को छिपाने और खुद के बचाव में शव को गांव के समीप एक बगीचे में फेंक दिया।
बताया गया कि इस मामले में पुलिस ने धनेश महतो, रुपेश कुमार और राजेश यादव को गिरफ्तार किया है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार मामले में आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है और जांच प्रक्रिया आगे भी जारी रहेगी।
--आईएएनएस
एमएनपी/डीकेपी
