ऑस्ट्रेलिया से डिपोर्ट किए गए भारतीयों को परिजनों को सौंपा गया, 9 पंजाब के निवासी शामिल
पटियाला, 30 अप्रैल (आईएएनएस)। ऑस्ट्रेलिया से डिपोर्ट किए गए करीब एक दर्जन भारतीय नागरिकों को गुरुवार को उनके परिजनों के हवाले कर दिया गया। इन डिपोर्ट किए गए लोगों में 9 युवक पंजाब के रहने वाले हैं, जिनमें एक महिला भी शामिल है। सभी को आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद पुलिस की निगरानी में सुरक्षित तरीके से उनके परिवारों तक पहुंचाया गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, ऑस्ट्रेलिया से डिपोर्ट किए गए कुल 15 भारतीयों को लेकर एक फ्लाइट आज सुबह नई दिल्ली स्थित इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर पहुंची। हवाई अड्डे पर सभी यात्रियों की जरूरी जांच, दस्तावेज सत्यापन और अन्य औपचारिकताएं पूरी की गईं। इसके बाद पंजाब से संबंधित 9 लोगों को पुलिस वैन के माध्यम से पटियाला लाया गया।
पटियाला पुलिस लाइन में इन सभी को अस्थायी रूप से रखा गया, जहां संबंधित थानों के अधिकारियों की मौजूदगी में उनके परिजनों को सूचित किया गया। देर शाम तक सभी 9 पंजाब के निवासियों को उनके परिवारों के हवाले कर दिया गया। इस दौरान सुरक्षा और कानूनी प्रक्रिया का विशेष ध्यान रखा गया।
डिपोर्ट किए गए पंजाब के ये लोग राज्य के विभिन्न जिलों से संबंधित हैं, जिनमें जालंधर, होशियारपुर, खन्ना, मोगा, नवांशहर, गढ़शंकर, तरनतारन, फिरोजपुर और रूपनगर शामिल हैं। प्रशासन की ओर से इस पूरी प्रक्रिया को शांतिपूर्ण और व्यवस्थित तरीके से संपन्न कराया गया।
सूत्रों के अनुसार, इन सभी लोगों को विदेश में अवैध रूप से रहने या वीजा नियमों का उल्लंघन करने के चलते डिपोर्ट किया गया है। फिलहाल स्थानीय पुलिस द्वारा आवश्यक पूछताछ की जा रही है, जबकि आगे की कार्रवाई संबंधित एजेंसियों द्वारा की जाएगी।
--आईएएनएस
एमएस/
