अस्सी का हिस्सा बन खुश हैं साहिल सेठी, याद किए ऑडिशन के दिन
मुंबई, 5 मार्च (आईएएनएस)। 20 फरवरी को बॉक्स ऑफिस पर रिलीज हुई 'अस्सी' भले ही कमाई के मामले में पीछे है, लेकिन फिल्म की कहानी और सामाजिक मुद्दों को मुखरता से दिखाने के लिए फिल्म की खूब तारीफ हो रही है।
इसी फिल्म में समीर नाम के लड़के का किरदार भी खूब पसंद किया गया, जिसे 'कांस्य' और 'उबरमैन' जैसी फिल्मों में अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाने वाले अभिनेता साहिल सेठी ने निभाया। अब अभिनेता फिल्म का हिस्सा बनकर बेहद खुश हैं और फैंस से फिल्म को देखने की अपील की है।
'अस्सी' में शानदार किरदार निभाने वाले साहिल समाज को सोचने पर मजबूर कर देने वाली फिल्म का हिस्सा बनकर बेहद खुश हैं, और अब उन्होंने निर्देशक अनुभव सिन्हा और कास्टिंग डायरेक्टर मुकेश छाबरा को दिल से धन्यवाद दिया है। अभिनेता ने शूटिंग से पहले ऑडिशन के दिनों को भी याद किया है। उन्होंने इंस्टाग्राम पर फिल्म की अनसीन फोटो शेयर कर लिखा, "किसी ऐसी फिल्म का हिस्सा बनना हमेशा खास लगता है जो हम इंसानों के भीतर गहरे सवाल उठाने की क्षमता रखती हो। मुझे इस दिल दहला देने वाली फिल्म का हिस्सा बनाने के लिए, अनुभव सर, आपका बहुत-बहुत धन्यवाद। आप वाकई हमारे सबसे बेहतरीन फिल्मकारों में से एक हैं।"
अभिनेता ने ऑडिशन के दिनों को याद कर मुकेश छाबरा को भी धन्यवाद दिया। उन्होंने कहा कि मुझ पर पूरा भरोसा जताने के लिए और इस शानदार किरदार को देने के लिए शुक्रिया। आपको पता है कि एक अभिनेता का ऑडिशन कैसा होना चाहिए और अभिनेता ने क्या और कितना लेना है, यह भी आप बखूबी जानते हैं।
बता दें कि अस्सी बॉक्स ऑफिस पर कुछ खास कलेक्शन करने में कामयाब नहीं हो पा रही है। अस्सी और ओ रोमियो दोनों ही एक दिन रिलीज हुई थीं, लेकिन दोनों ही फिल्में बॉक्स ऑफिस पर फुस्स हैं, हालांकि अस्सी को कहानी और गंभीर मुद्दे को दिखाने के लिए खूब तारीफ मिल रही है। अनुभव सिन्हा बॉक्स ऑफिस पर सामाजिक मुद्दों को उजागर करने वाली फिल्में बनाते हैं। उन्होंने तापसी पन्नू के साथ फिल्म 'थप्पड़' भी बनाई थी, जिसे खूब सराहा गया था।
--आईएएनएस
पीएस/पीयूष
