असम प्रीमियर लीग: डेनिश दास नीलामी में सबसे महंगे मार्की खिलाड़ी बने, बारपेटा ब्रेव्स ने 12.60 लाख में खरीदा
गुवाहाटी, 19 जुलाई (आईएएनएस)। रविवार को असम प्रीमियर लीग (एपीएल) में खिलाड़ियों की हुई नीलामी में मार्की प्लेयर राउंड में डेनिश दास सबसे महंगे खिलाड़ी बनकर उभरे। बारपेटा ब्रेव्स ने उन्हें 12.60 लाख रुपये में खरीदा।
मार्की खिलाड़ियों में सुमित घडीगांवकर दूसरे सबसे महंगे खिलाड़ी रहे, जिन्हें चाराइदेव सनराइजर्स ने 12.20 लाख रुपये में खरीदा, जबकि असम के अनुभवी बल्लेबाज सिबशंकर रॉय को बराक लीजेंड्स ने 12 लाख रुपये में अपनी टीम में लिया।
आयुष्मान मलाकार और स्वरूपम पुरकायस्थ टॉप पांच मार्की खिलाड़ियों की सूची में शामिल रहे। आयुष्मान को तेजपुर टाइटन्स और स्वरूपम पुरकायस्थ को जोरहाट स्टैलियंस ने 11.80-11.80 लाख में खरीदा।
मार्की प्लेयर राउंड में फ्रेंचाइजी ने असम के प्रमुख घरेलू क्रिकेटरों को अपनी टीम में शामिल करने के लिए होड़ लगाई।
मार्की प्लेयर पूल से अन्य उल्लेखनीय खिलाड़ियों में, बराक लीजेंड्स ने अब्दुल अजीज कुरैशी को 8.40 लाख रुपये और भार्गब लखार को 5.20 लाख रुपये में खरीदा। बारपेटा ब्रेव्स ने सौरव डिहिंगिया को 7.80 लाख रुपये में हासिल किया, जबकि डिब्रूगढ़ वॉरियर्स ने साहिल जैन को 7.20 लाख रुपये और जितुमोनी कलिता को 6.20 लाख रुपये में अपनी टीम में शामिल किया।
मार्की प्लेयर राउंड के साथ दिन की शुरुआत हुई। अब असम प्रीमियर लीग प्लेयर ऑक्शन आगे बढ़ेगा, जिसमें फ्रेंचाइजी नीलामी में शामिल खिलाड़ियों के बड़े पूल से संतुलित टीमें बनाने की कोशिश करेंगी।
असम प्रीमियर लीग का पहला सीजन 1 अगस्त से शुरू होगा। लीग के पहले सीजन में हिस्सा लेने वाली आठ फ्रेंचाइजी--जोरहाट स्टैलियंस, तेजपुर टाइटन्स, डिब्रूगढ़ वॉरियर्स, बराक लीजेंड्स, नागांव रेंजर्स, बारपेटा ब्रेव्स, गुवाहाटी रॉयल्स और चाराइदेव सनराइजर्स हैं।
लीग की शुरुआत के समय बीसीसीआई सचिव देवजीत सैकिया ने कहा था, "असम में क्रिकेट की अपार संभावनाएं हैं, और इस तरह का प्लेटफॉर्म प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को मूल्यवान प्रतिस्पर्धी अनुभव हासिल करने में मदद करेगा।"
--आईएएनएस
पीएके
