असम में पिछले दशक में लाखों परिवारों तक बिजली पहुंचाई गई, डबल इंजन सरकार ने हालात बदले : पीएम मोदी
होजाई, 6 अप्रैल (आईएएनएस)। असम विधानसभा चुनाव के अंतिम चरण में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोमवार को होजाई में विशाल जनसभा को संबोधित किया। पीएम मोदी ने कहा कि लोगों का उत्साह और ऊर्जा यह स्पष्ट संकेत दे रहा है कि असम ने इस बार भी भाजपा-एनडीए को ऐतिहासिक जीत दिलाने का मन बना लिया है।
प्रधानमंत्री ने अपने भाषण की शुरुआत राज्य में हुए विकास कार्यों का उल्लेख करते हुए की। उन्होंने कहा कि असम ने बीते वर्षों में सौर ऊर्जा के क्षेत्र में उल्लेखनीय प्रगति की है। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में राज्य में कई नए बिजली संयंत्र स्थापित किए जाएंगे, जिससे न केवल ऊर्जा उत्पादन बढ़ेगा बल्कि रोजगार के अवसर भी सृजित होंगे।
उन्होंने कहा कि असम सरकार के प्रयासों को केंद्र सरकार का पूरा सहयोग मिला है, जिसके कारण आज कई क्षेत्रों में लोगों के बिजली बिल शून्य हो गए हैं।
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि जिस राज्य में बिजली की उपलब्धता बेहतर होती है, वहां उद्योग स्वतः विकसित होने लगते हैं। आज असम इस दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है और बिजली के क्षेत्र में अन्य राज्यों के लिए एक उदाहरण बन चुका है। पिछले एक दशक में लाखों परिवारों तक बिजली पहुंचाई गई है, जिन्हें पहले वर्षों तक कनेक्शन का इंतजार करना पड़ता था। अब राज्य 24 घंटे बिजली उपलब्ध कराने के लक्ष्य के बेहद करीब है।
सभा के दौरान प्रधानमंत्री ने जनता के उत्साह की सराहना करते हुए कहा कि लोगों के दिलों में जो भावना है, वही भावना पूरे असम में दिखाई दे रही है। उन्होंने कहा कि होजाई, कार्बी आंगलोंग और दिमा हसाओ जैसे विभिन्न क्षेत्रों से आए लोगों की उपस्थिति इस बात का प्रमाण है कि राज्य की जनता विकास के रास्ते पर आगे बढ़ना चाहती है।
अपने भाषण में प्रधानमंत्री ने कांग्रेस पर भी तीखा हमला बोला। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस ने अपने शासनकाल में असम को विकास से वंचित रखा और राज्य को कई समस्याओं में उलझाए रखा।
उन्होंने कहा कि उस समय असम बिजली के लिए दूसरे राज्यों पर निर्भर था और बार-बार बिजली संकट का सामना करता था, जबकि बिजली कंपनियां घाटे में चल रही थीं। उन्होंने कहा कि भाजपा की “डबल इंजन” सरकार ने इस स्थिति को पूरी तरह बदल दिया है।
प्रधानमंत्री मोदी ने भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस पर परिवारवाद को बढ़ावा देने का भी आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस सिर्फ दो परिवारों के भविष्य को सुरक्षित करने में लगी हुई है। एक दिल्ली का और दूसरा असम का। उन्होंने कहा कि ऐसे लोग कभी राज्य और देश का भला नहीं कर सकते।
इसके अलावा, उन्होंने कांग्रेस पर घुसपैठियों के समर्थन का भी आरोप लगाया और लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी। उन्होंने हिमाचल प्रदेश का उदाहरण देते हुए कहा कि वहां कांग्रेस ने झूठे वादे किए और बाद में पेट्रोल-डीजल की कीमतें बढ़ा दीं, जिससे आम जनता पर बोझ पड़ा।
प्रधानमंत्री ने लोगों से अपील की कि वे विकास, स्थिरता और बेहतर भविष्य के लिए भाजपा-एनडीए का समर्थन करें। उन्होंने कहा कि असम का उज्ज्वल भविष्य जनता के सही निर्णय पर निर्भर करता है और मौजूदा माहौल यह संकेत देता है कि राज्य एक बार फिर विकास के पथ को चुनने जा रहा है।
--आईएएनएस
एसएके/एएस
