Aapka Rajasthan

असम के गुरुचरण विश्वविद्यालय में असिस्टेंट प्रोफेसर सहित 14 पदों पर आवेदन जारी, 21 नवंबर तक मौका

दिसपुर, 30 अक्टूबर (आईएएनएस)। शिक्षण क्षेत्र से जुड़े जो लोग देश के किसी प्रतिष्ठित संस्थान में नौकरी करने की इच्छा रखते हैं, उनके लिए एक अच्छी खबर सामने आई है। दरअसल, असम के सिलचर, कछार में स्थित गुरुचरण विश्वविद्यालय ने असिस्टेंट प्रोफेसर सहित कुल 14 पदों पर भर्ती की घोषणा अपनी आधिकारिक वेबसाइट पर एक विज्ञापन प्रकाशित कर की है।
 

दिसपुर, 30 अक्टूबर (आईएएनएस)। शिक्षण क्षेत्र से जुड़े जो लोग देश के किसी प्रतिष्ठित संस्थान में नौकरी करने की इच्छा रखते हैं, उनके लिए एक अच्छी खबर सामने आई है। दरअसल, असम के सिलचर, कछार में स्थित गुरुचरण विश्वविद्यालय ने असिस्टेंट प्रोफेसर सहित कुल 14 पदों पर भर्ती की घोषणा अपनी आधिकारिक वेबसाइट पर एक विज्ञापन प्रकाशित कर की है।

गुरुचरण विश्वविद्यालय की ओर से जारी 14 रिक्तियों में असिस्टेंट प्रोफेसर (बंगाली) का 1, असिस्टेंट प्रोफेसर (कॉमर्स) का 1, असिस्टेंट प्रोफेसर (अर्थशास्त्र) के 2, असिस्टेंट प्रोफेसर (दर्शनशास्त्र) का 1, असिस्टेंट प्रोफेसर (भौतिकी) के 4, असिस्टेंट प्रोफेसर (संस्कृत) का 1, असिस्टेंट प्रोफेसर (सांख्यिकी) के 2, असिस्टेंट प्रोफेसर (जूलॉजी) का 1 और परीक्षा नियंत्रक का 1 पद शामिल हैं।

इन पदों के लिए ऑनलाइन माध्यम से आवेदन प्रक्रिया 28 अक्टूबर से शुरू हो गई है और अप्लाई करने की अंतिम तिथि 21 नवंबर की शाम 5 बजे तक तय की गई है। ऐसे में जो पात्र और इच्छुक उम्मीदवार इन पदों पर नियुक्त होने के लिए एप्लीकेशन फॉर्म भरना चाहते हैं, वे गुरुचरण विश्वविद्यालय की आधिकारिक वेबसाइट पर संबंधित पदों के लिए जारी अधिसूचना में पोस्ट के अनुसार दिए गए आवेदन लिंक के माध्यम से तय अंतिम तिथि तक या उससे पहले अपनी रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया पूरी कर सकते हैं।

वहीं, सफलतापूर्वक ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया पूरी करने के बाद अभ्यर्थियों को अपने आवेदन पत्र की हार्ड कॉपी सभी संबंधित डॉक्यूमेंट्स के साथ 'रजिस्ट्रार, गुरुचरण विश्वविद्यालय, कॉलेज रोड, सिलचर-788004, कछार, असम' के पते पर 28 नवंबर तक या उससे पहले डाक या अन्य माध्यम से पहुंचानी होगी।

आवेदन करने वाले अभ्यर्थियों के पास किसी मान्यता प्राप्त संस्थान या विश्वविद्यालय से असिस्टेंट प्रोफेसर के लिए संबंधित विषय में न्यूनतम 55 प्रतिशत अंकों के साथ मास्टर डिग्री या समकक्ष योग्यता होनी चाहिए। इसके अलावा, उम्मीदवार ने यूजीसी या सीएसआईआर द्वारा आयोजित नेशनल एलिजिबिलिटी टेस्ट (नेट) पास किया हो या यूजीसी द्वारा मान्यता प्राप्त कोई समान परीक्षा जैसे स्लेट/सेट उत्तीर्ण की हो। इसके अतिरिक्त, यदि किसी उम्मीदवार को यूनिवर्सिटी ग्रांट्स कमीशन के अनुसार पीएचडी की डिग्री प्रदान की गई है, तो उसे नेट/स्लेट/सेट से छूट प्राप्त होगी।

परीक्षा नियंत्रक के लिए अभ्यर्थियों के पास कम से कम 55 प्रतिशत अंकों या इसके समकक्ष ग्रेड के साथ मास्टर डिग्री और एकेडमिक लेवल-11 और उससे ऊपर के स्तर पर असिस्टेंट प्रोफेसर के रूप में कम से कम 15 वर्षों का अनुभव होना जरूरी है।

आवेदकों की अधिकतम आयु परीक्षा नियंत्रक पोस्ट के लिए 55 वर्ष तय की गई है, जिसकी गणना 1 अक्टूबर 2026 के आधार पर की जाएगी। वहीं, असिस्टेंट प्रोफेसर पोस्ट के लिए अधिसूचना में आयु सीमा की जानकारी नहीं दी गई है।

योग्य अभ्यर्थियों का चयन आवेदनों की जांच-पड़ताल, साक्षात्कार और/या लिखित परीक्षा, दस्तावेज सत्यापन, मेरिट सूची, आदि के आधार पर किया जाएगा, जिसके बाद चयनित कैंडिडेट्स की सैलरी असिस्टेंट प्रोफेसर के लिए 57,700 से 1,82,400 रुपए के बीच और परीक्षा नियंत्रक के लिए 1,44,200 से 2,18,200 रुपए के बीच प्रति माह होगी।

आवेदन पत्र भरते समय उम्मीदवारों को पोस्ट और वर्ग के अनुसार निर्धारित आवेदन शुल्क का भुगतान ऑनलाइन माध्यम से करना होगा, जो असिस्टेंट प्रोफेसर के लिए 1,500 रुपए (सामान्य/अन्य) और 750 रुपए (एससी/एससी) तय किया गया है। वहीं, परीक्षा नियंत्रक के लिए 2,000 रुपए (सामान्य/अन्य) और 1,000 रुपए (एससी/एससी) तय किया गया है।

--आईएएनएस

डीके/एबीएम