असम राइफल्स और डीआरआई की संयुक्त कार्रवाई, 1.31 करोड़ रुपए की अफीम के बीज जब्त
कछार (असम), 21 जून (आईएएनएस)। असम राइफल्स और राजस्व खुफिया निदेशालय (डीआरआई) ने संयुक्त अभियान चलाकर कछार जिले में बड़ी मात्रा में मादक पदार्थों की तस्करी का भंडाफोड़ किया। इस कार्रवाई में करीब 1.31 करोड़ रुपए मूल्य के अफीम के बीज जब्त किए गए हैं।
जानकारी के अनुसार, गुप्त सूचना के आधार पर यह अभियान चलाया गया था। टीम ने सिलचर बाईपास रोड पर शनिवार की देर शाम को एक ट्रक को रोका और उसकी तलाशी ली।
तलाशी के दौरान 8,764 किलोग्राम अफीम के बीज बरामद किए गए, जिनकी अनुमानित कीमत 1.31 करोड़ रुपए बताई जा रही है। इसके साथ ही दो स्थानीय निवासियों को भी हिरासत में लिया गया है।
अधिकारियों ने एक ट्रक और दो मोबाइल फोन भी जब्त किए हैं, जिनका उपयोग तस्करी में किया जा रहा था।
बरामद किए गए अफीम के बीजों को आगे की जांच के लिए डीआरआई को सौंप दिया गया है।
अधिकारियों ने बताया कि असम राइफल्स और डीआरआई क्षेत्र में अवैध तस्करी के खिलाफ लगातार संयुक्त अभियान चला रहे हैं, ताकि मादक पदार्थों की तस्करी करने वाले नेटवर्क को खत्म किया जा सके। यह कार्रवाई इस दिशा में एक महत्वपूर्ण सफलता मानी जा रही है।
इससे पहले, पूर्वोत्तर क्षेत्र में तस्करी के खिलाफ चलाए गए एक सुनियोजित और समन्वित अभियान के तहत राजस्व खुफिया निदेशालय ने दो महीनों में 71 लाख से अधिक तस्करी की गई सिगरेट की स्टिक जब्त की। जब्त की गई सिगरेट की बाजार कीमत करीब 14 करोड़ रुपए आंकी गई।
मई और जून के महीनों में विदेशी मूल की सिगरेट की बरामदगी के बाद डीआरआई की टीम ने इस तस्करी रैकेट से जुड़े संदिग्धों को भी पकड़ा है। कुल चार आरोपियों को हिरासत में लिया गया है। डीआरआई ने 11 जून को मिजोरम में विदेशी मूल की 45 लाख से अधिक सिगरेट स्टिक जब्त कीं। यह कार्रवाई असम राइफल्स की 34वीं बटालियन के सहयोग से की गई। इस मामले में एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया है।
इसी तरह चलाए गए अभियान के तहत 71 लाख से अधिक तस्करी की गई सिगरेट की स्टिक जब्त की गई, जिसकी कीमत 14 करोड़ रुपए आंकी गई थी।
--आईएएनएस
एएमटी/डीकेपी
