एशियन मुक्केबाजी चैंपियनशिप में स्वर्ण पदक जीतने वाले मोहम्मद यासिर को जम्मू-कश्मीर के उपमुख्यमंत्री सुरिंदर चौधरी ने दी बधाई
श्रीनगर, 16 मई (आईएएनएस)। जम्मू-कश्मीर के उपमुख्यमंत्री सुरिंदर चौधरी ने मोहम्मद यासिर को उज्बेकिस्तान में आयोजित एशियन मुक्केबाजी चैंपियनशिप में स्वर्ण पदक जीतने पर बधाई दी है और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।
अपने कार्यालय के आधिकारिक एक्स अकाउंट के माध्यम से सुरिंदर चौधरी ने लिखा, "राजौरी के गौरव, मोहम्मद यासिर को उज्बेकिस्तान में आयोजित एशियन मुक्केबाजी चैंपियनशिप में स्वर्ण पदक जीतने पर हार्दिक बधाई। आपके समर्पण और कड़ी मेहनत ने जम्मू-कश्मीर को अपार गौरव दिलाया है। भविष्य में भी आपको ऐसी ही और विजय प्राप्त हों, यही हमारी कामना है।"
यासिर ने उज्बेकिस्तान के ताशकंद में आयोजित एशियन बॉक्सिंग चैंपियनशिप 2026 के अंडर-15 वर्ग में स्वर्ण पदक जीता है। यासिर ने 58 किलोग्राम भार वर्ग में स्वर्ण पदक जीता। राजौरी के इस मुक्केबाज ने उज्बेकिस्तान के अब्दुललोह करीमजोनोव के खिलाफ 3:2 के करीबी अंतर से जीत हासिल करते हुए गोल्ड अपने नाम किया।
14 वर्षीय मोहम्मद यासिर ने प्री-क्वार्टर फाइनल में ताजिकिस्तान के मुक्केबाज को 5:0 से धूल चटाई थी। इसके बाद क्वार्टर फाइनल में कजाकिस्तान के मुक्केबाज को उन्होंने 5:0 से हराकर सेमीफाइनल में जगह बनाई। सेमीफाइनल में यासिर ने ईरानी मुक्केबाज को 4:1 से हराया था।
यासिर राजौरी के गवर्नमेंट बॉयज हायर सेकेंडरी स्कूल की 9वीं कक्षा में पढ़ते हैं। 2018 में उनके पिता का निधन हो गया था। इसके साथ ही उनका घर भी छिन गया। इन झटकों के बाद यासिर के परिवार के लिए दो वक्त की रोटी जुटाना भी मुश्किल हो गया था। मुश्किल समय में यासिर की मां नसीम अख्तर ने दूसरों के यहां काम करते हुए परिवार का पालन-पोषण किया।
यासिर ने मुक्केबाजी के शौक को आर्थिक संकट के बावजूद जिंदा रखा। उन्होंने पढ़ाई के साथ छोटे-मोटे काम किए और मुक्केबाजी का अभ्यास करते रहे। उनके दृढ़ संकल्प का परिणाम ताशकंद में स्वर्ण पदक के रूप में मिला है। यासिर के मुक्केबाज के रूप में सफर की यह शुरुआत भर है। भविष्य में उनसे बड़े मंचों पर यादगार प्रदर्शन की उम्मीद है।
एशियन बॉक्सिंग अंडर-15 चैंपियनशिप 2026 में भारत ने कुल 27 पदक जीते हैं। इसमें 9 स्वर्ण, 6 रजत और 12 कांस्य पदक हैं। लड़कियों की मेडल टैली में भारत शीर्ष पर रहा है। लड़कियों ने 7 स्वर्ण, 2 रजत और 5 कांस्य पदक जीते हैं। वहीं, अंडर-15 लड़कों ने 2 स्वर्ण, 4 रजत और 7 कांस्य पदक जीते हैं।
--आईएएनएस
पीएके
