Aapka Rajasthan

एशियन लीजेंड्स लीग सीजन 2 की ट्रॉफी का अनावरण, 2 जून से शुरू होगा एक्शन

रुद्रपुर, 22 मार्च (आईएएनएस)। एशियन लीजेंड्स लीग ने रविवार को अपनी आधिकारिक ट्रॉफी का अनावरण किया। इसी के साथ 2 जून से शुरू होने वाले बहुप्रतीक्षित दूसरे सीजन की तैयारियों की शुरुआत हो गई।
 
एशियन लीजेंड्स लीग सीजन 2 की ट्रॉफी का अनावरण, 2 जून से शुरू होगा एक्शन

रुद्रपुर, 22 मार्च (आईएएनएस)। एशियन लीजेंड्स लीग ने रविवार को अपनी आधिकारिक ट्रॉफी का अनावरण किया। इसी के साथ 2 जून से शुरू होने वाले बहुप्रतीक्षित दूसरे सीजन की तैयारियों की शुरुआत हो गई।

आगामी संस्करण में छह टीमें हिस्सा लेंगी। इनमें इंडियन रॉयल्स, श्रीलंकाई लायंस, अफगानिस्तान पठान, एशियन स्टार्स, पाकिस्तान पैंथर्स और बांग्लादेश टाइगर्स शामिल हैं। यह लीग जून 2026 में आयोजित की जाएगी। हालांकि, मौजूदा युद्ध की स्थिति के कारण खाड़ी देशों की टीमें दूसरे सीजन में हिस्सा नहीं लेंगी।

इस अनावरण समारोह में थिसारा परेरा, असगर अफगान, ऋषि धवन और एंजेलो परेरा जैसे कई जाने-माने क्रिकेटर मौजूद रहे।

इस मौके पर थिसारा परेरा ने टूर्नामेंट को लेकर अपने अनुभव और उत्साह के बारे में बात करते हुए कहा, "पिछला सीजन हमारा बहुत अच्छा रहा था, और इतनी प्रतिस्पर्धी और अच्छी तरह से आयोजित लीग का हिस्सा बनना एक शानदार अनुभव था। मैं आने वाले सीजन के लिए भी सचमुच बहुत उत्साहित हूं। क्रिकेट का स्तर, खिलाड़ियों के बीच आपसी तालमेल और प्रशंसकों का जुनून इस लीग को खास बनाते हैं। हम इस बार और भी बेहतर प्रदर्शन करने की उम्मीद कर रहे हैं।"

इसी तरह की भावनाएं व्यक्त करते हुए, ऋषि धवन ने प्रशंसकों के समर्थन के महत्व पर जोर दिया और अपनी टीम पर भरोसा जताया। उन्होंने कहा, "प्रशंसकों ने हमेशा हमारा ज़बरदस्त समर्थन किया है, खासकर भारतीय टीम का, और उस ऊर्जा से मैदान पर बहुत फर्क पड़ता है। उम्मीद है कि इस सीजन में भी हमें वैसा ही प्यार और प्रोत्साहन मिलता रहेगा। हम उन्हें गर्व महसूस कराने के लिए अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करेंगे और ट्रॉफी जीतने का लक्ष्य रखेंगे।"

लीग के निदेशक नीरज कुकरेजा ने टूर्नामेंट के लिए अपने दृष्टिकोण को रेखांकित करते हुए कहा कि इस प्रतियोगिता का उद्देश्य पूरे एशिया के अनुभवी और मशहूर क्रिकेटर्स को एक मंच पर लाना है।

उन्होंने कहा, "एशियन लेजेंड्स लीग इस विचार पर आधारित है कि पूरे एशिया के अनुभवी और मशहूर क्रिकेटर्स को एक मंच पर लाया जाए। खिलाड़ियों और प्रशंसकों से मिली प्रतिक्रिया बेहद उत्साहजनक रही है। ट्रॉफी के अनावरण के साथ, हमने एक बड़ा कदम आगे बढ़ाया है, और हम एक ऐसी लीग पेश करने के लिए प्रतिबद्ध हैं जो पेशेवरता, प्रतिस्पर्धा और मनोरंजन के उच्च मानकों को बनाए रखे।"

--आईएएनएस

आरएसजजी