एशियन गेम्स: स्क्वैश के लिए ड्रॉ जारी, डिफेंडिंग चैंपियन भारतीय पुरुष टीम टॉप सीड
नई दिल्ली, 10 सितंबर (आईएएनएस)। 20वें एशियन गेम्स का आयोजन 19 सितंबर से 4 अक्टूबर के बीच जापान के आइची-नागोया में होगा, जिसके लिए स्क्वैश में सिंगल्स, मिक्स्ड डबल्स और टीम स्क्वैश इवेंट्स के लिए ड्रॉ और सीडिंग की घोषणा कर दी गई है। इसमें भारतीय पुरुष टीम टॉप सीड है, जबकि महिला टीम को तीसरी सीडिंग मिली है।
एशियन गेम्स 2026 में स्क्वैश इवेंट्स नागोया किंजो-फुटो एरिना में होंगे। सिंगल्स और मिक्स्ड डबल्स इवेंट्स 23 से 27 सितंबर तक और टीम इवेंट्स 28 सितंबर से 2 अक्टूबर तक होंगे।
भारतीय पुरुष टीम में अभय सिंह, वीर चोटरानी, वेलवन सेंथिलकुमार और सूरज चंद शामिल हैं, जिन्हें कोरिया और चीन के साथ 'पूल-ए' में रखा गया है। वहीं, महिला टीम में अनाहत सिंह, तन्वी खन्ना, जोशना चिनप्पा और शमीना रियाज शामिल हैं, जिन्हें जापान, चीन और ईरान के साथ 'पूल-सी' में रखा गया है।
मेंस सिंगल्स में, भारत के अभय सिंह दूसरी सीड हैं, और वीर चोटरानी चौथी सीड हैं। दोनों भारतीय खिलाड़ियों को शुरुआती राउंड में 'बाय' (सीधे अगले राउंड में प्रवेश) मिला है।
दूसरी तरफ, विमेंस सिंगल्स में अनाहत सिंह और तन्वी खन्ना को क्रमशः तीसरी और सातवीं सीडिंग मिली है। अनाहत को पहले राउंड में 'बाय' मिला है, जबकि तन्वी अपने अभियान की शुरुआत कोरिया की दामी किम के खिलाफ करेंगी।
सिंगल्स प्रतियोगिता एलए28 ओलंपिक गेम्स के लिए क्वालिफिकेशन इवेंट भी होगी, जिसके विजेता लॉस एंजिल्स में ओलंपिक में इस खेल की शुरुआत से पहले स्क्वैश के पहले ओलंपिक खिलाड़ी बनेंगे।
मिक्स्ड डबल्स इवेंट में, मलेशियाई जोड़ी आइफा अजमान और मोहम्मद शफीक कमाल टॉप सीड हैं, जबकि भारत के वेलवन सेंथिलकुमार और जोशना चिनप्पा तीसरी सीड हैं। एक और भारतीय जोड़ी, सूरज कुमार चंद और शमीना रियाज, नौवीं सीड हैं। दोनों भारतीय जोड़ियों को शुरुआती राउंड में 'बाय' मिला है और वे दूसरे राउंड में एक-दूसरे के खिलाफ अपना अभियान शुरू करेंगी।
भारत ने एशिय गेम्स 2023 में स्क्वैश में 5 मेडल जीते थे, जिनमें 2 गोल्ड, 1 सिल्वर और 2 ब्रॉन्ज मेडल शामिल थे। एशियन गेम्स के इतिहास में अब तक भारत इस खेल में कुल 18 मेडल (3 गोल्ड, 4 सिल्वर और 11 ब्रॉन्ज) अपने नाम कर चुका है।
पिछले संस्करण में पुरुष टीम ने गोल्ड मेडल जीता, जबकि भारत ने मिक्स्ड डबल्स इवेंट में भी पहला स्थान हासिल किया। देश ने सौरव घोषाल के जरिए मेंस सिंगल्स में सिल्वर और विमेंस टीम और मिक्स्ड टीम इवेंट में ब्रॉन्ज मेडल हासिल किए थे। हांगझोऊ में मेंस टीम का हिस्सा रहे गोल्ड मेडलिस्ट हरिंदर पाल संधू कोच होंगे।
भारतीय टीम:
पुरुष: अभय सिंह, वीर चोटरानी, वेलवन सेंथिलकुमार, सूरज चंद।
महिला: अनाहत सिंह, तन्वी खन्ना, जोशना चिनप्पा, शमीना रियाज।
--आईएएनएस
आरएसजी
