एशियन गेम्स: भारतीय महिला कबड्डी टीम ने जापान को 50-25 से हराया, अजेय रहते हुए सेमीफाइनल में प्रवेश
आइची, 24 सितंबर (आईएएनएस)। एशियन गेम्स 2026 में गुरुवार को भारतीय महिला कबड्डी टीम ने जापान पर 50-25 से शानदार हासिल की। इसी के साथ भारत ने 'ग्रुप-ए' के तीनों मुकाबलों को अपने नाम कर लिया है। गत चैंपियन पहले ही सेमीफाइनल में अपनी जगह सुनिश्चित कर चुकी थी।
भारत ने अपने अभियान की शुरुआत बांग्लादेश पर 42-21 की जीत के साथ की थी, जिसके बाद ईरान को 37-23 से हराया।
गुरुवार को कप्तान पुष्पा राणा की अगुवाई में भारत ने धमाकेदार शुरुआत करते हुए हाफ-टाइम तक 32-13 की बढ़त बना ली थी। भारतीय टीम ने पहले हाफ में 23 आउट प्वाइंट्स और पांच बोनस प्वाइंट्स हासिल करने के साथ दो बार 'ऑल आउट' करके 19 प्वाइंट्स की बढ़त बनाई।
खेल दोबारा शुरू होने के बाद जापान ने बेहतर खेल दिखाया और दूसरे हाफ में 12 प्वाइंट्स हासिल किए, जिसमें आठ आउट, दो बोनस प्वाइंट्स और एक सुपर टैकल शामिल था। हालांकि, भारत ने अपना दबदबा बनाए रखा और 14 आउट, दो बोनस प्वाइंट्स और एक 'ऑल आउट' के जरिए 18 प्वाइंट्स जोड़कर आसान जीत हासिल की।
मेजबान टीम ने दूसरे हाफ की बेहतर शुरुआत की, जिसमें यूरी ने स्कोरिंग की शुरुआत की और इसके बाद जापान ने तेजी से तीन और प्वाइंट्स जोड़े। भारत ने जल्द ही अपनी लय वापस पा ली और प्रभावी रेड और डिफेंसिव टैकल का इस्तेमाल करते हुए मेजबान टीम को रोके रखा।
भारत के तीसरे 'ऑलआउट' ने उनकी बढ़त को और मजबूत किया, जबकि जापान ने अपनी आखिरी रेड में एक बोनस प्वाइंट्स हासिल किया, जिसके बाद डिफेंडिंग चैंपियन ने मैच जीत लिया।
इससे पहले गुरुवार को, भारतीय पुरुष टीम ने 'ग्रुप-ए' के अपने आखिरी मैच में चीनी ताइपे को 37-21 से हराकर अपना अजेय रिकॉर्ड बरकरार रखा। चीनी ताइपे के खिलाफ, भारत ने तीन बोनस प्वाइंट्स और छह 'ऑल-आउट' प्वाइंट्स हासिल किए, जबकि उनके प्रतिद्वंद्वियों ने नौ बोनस प्वाइंट्स और दो सुपर टैकल दर्ज किए।
भारतीय पुरुष टीम ने बुधवार को बांग्लादेश को हराकर पहले ही सेमीफाइनल में जगह पक्की कर ली थी। इस नतीजे से टीम का मेडल भी सुनिश्चित हो गया था। भारतीय पुरुष टीम 25 सितंबर को अपना सेमीफाइनल मैच खेलेगी।
--आईएएनएस
आरएसजी
