Aapka Rajasthan

एशियन गेम्स: भारतीय फैंस को झटका, शटलर आयुष शेट्टी का 'मेंस सिंगल्स' में सफर समाप्त

इचिनोमिया सिटी, 26 सितंबर (आईएएनएस)। एशियन गेम्स 2026 में भारतीय शटलर आयुष शेट्टी का सफर 'मेंस सिंगल्स' के तीसरे राउंड में समाप्त हो गया। शनिवार को एक कड़े मुकाबले में उन्हें चीनी ताइपे के टिएन-चेन चाउ के हाथों 16-21, 21-19, 17-21 से हार का सामना करना पड़ा।
 

इचिनोमिया सिटी, 26 सितंबर (आईएएनएस)। एशियन गेम्स 2026 में भारतीय शटलर आयुष शेट्टी का सफर 'मेंस सिंगल्स' के तीसरे राउंड में समाप्त हो गया। शनिवार को एक कड़े मुकाबले में उन्हें चीनी ताइपे के टिएन-चेन चाउ के हाथों 16-21, 21-19, 17-21 से हार का सामना करना पड़ा।

आयुष ने कजाकिस्तान के मखसुत ताजीबुल्लायेव को 21-7, 21-7 से मात देकर तीसरे राउंड में जगह बनाई थी। वह चाउ से पहला गेम हारने के बाद वापसी करने में कामयाब रहे थे।

टिएन-चेन चाउ के खिलाफ आयुष को यह हार तब मिली, जब उन्होंने दूसरे राउंड में ताजीबुल्लायेव को हराने में सिर्फ 21 मिनट लिए थे। वर्ल्ड नंबर 20 भारतीय खिलाड़ी ने शुरू से ही उस मुकाबले पर अपना दबदबा बनाए रखा और अपने प्रतिद्वंद्वी को लय हासिल करने का कोई मौका नहीं दिया था।

वहीं, उन्नति हुड्डा ने मलेशिया की वोंग लिंग चिंग के खिलाफ कड़े मुकाबले में जीत हासिल की और विमेंस सिंगल्स के 'राउंड ऑफ 16' में जगह बनाते हुए सिंगल्स इवेंट में भारत की उम्मीदों को जिंदा रखा है। 79 मिनट तक चले इस मुकाबले में उन्नति हुड्डा ने 21-14, 20-22, 21-19 से जीत हासिल की।

वर्ल्ड नंबर 38 मलेशियाई खिलाड़ी के खिलाफ 25वीं रैंकिंग वाली भारतीय खिलाड़ी ने मजबूत शुरुआत करते हुए पहला गेम 21-14 से जीता। इसके बाद वोंग ने दूसरे गेम में बढ़त बनाई और आखिरी पलों में 22-20 से जीत हासिल करते हुए मैच को निर्णायक गेम तक पहुंचा दिया।

आखिरी गेम में कड़ी टक्कर देखने को मिली, लेकिन उन्नति ने 20-18 पर दो मैच प्वाइंट्स हासिल कर लिए। वोंग ने पहला मैच प्वाइंट बचा लिया, लेकिन अगले प्वाइंट पर उन्होंने क्रॉस-कोर्ट शॉट खेला जो बाहर चला गया।

विमेंस डबल्स इवेंट में, त्रिशा जॉली/गायत्री गोपीचंद की जोड़ी ने जापान की मायु मात्सुमोतो/युकी फुकुशिमा को 24-22, 21-18 से हराकर क्वार्टर फाइनल में जगह बनाई। इस जीत के साथ त्रिशा और गायत्री एशियन गेम्स में भारत की पहली विमेंस डबल्स मेडलिस्ट बनने की राह पर बनी हुई हैं। क्वार्टर फाइनल में मलेशिया की पर्ली कोंग ले टैन और थिनाह मुरलीधरन के खिलाफ जीत उन्हें सेमीफाइनल में पहुंचा देगी, जिससे कम से कम ब्रॉन्ज मेडल सुनिश्चित हो जाएगा।

दो बार की ओलंपिक मेडलिस्ट पीवी सिंधु भी टूर्नामेंट में पहले ही विमेंस सिंगल्स के 'राउंड ऑफ 16' में पहुंच चुकी हैं; जिन्होंने चीनी ताइपे की चिउ पिन-चियन को 21-19 और 21-14 से शिकस्त दी थी।

--आईएएनएस

आरएसजी