एशियन गेम्स: बास्केटबॉल में चीन का अजेय सफर जारी, क्वार्टर-फाइनलिस्ट तय
नागोया (जापान), 14 सितंबर (आईएएनएस)। एशियन गेम्स 2026 की पुरुष बास्केटबॉल प्रतियोगिता में चीन ने ग्रुप चरण का अभियान शानदार अंदाज में समाप्त किया। सोमवार को खेले गए मुकाबले में चीन ने मौजूदा चैंपियन फिलीपींस को 105-61 से करारी शिकस्त दी। इसके साथ ही क्वार्टर-फाइनल की टीमें भी तय हो गईं।
चीन ने खेल की शुरुआत से ही अपना दबदबा बनाए रखा। तेज बॉल मूवमेंट और फास्ट ब्रेक का इस्तेमाल करते हुए उन्होंने पहले क्वार्टर के बाद 36-16 की बढ़त बना ली। दूसरे पीरियड में यह अंतर और बढ़ गया। चीन ने फिलीपींस के मुकाबले 30-14 से ज्यादा स्कोर किया और हाफटाइम तक 66-30 की मजबूत बढ़त हासिल कर ली।
फिलीपींस ने तीसरे क्वार्टर में चीन के अटैक को कुछ धीमा जरूर किया, लेकिन वे वापसी की कोई चुनौती पेश नहीं कर पाए। चीन ने आसानी से अपने लगातार तीसरे मैच में जीत दर्ज की।
वांग जुंजी ने सबसे ज्यादा 20 प्वाइंट्स बनाए और 14 रिबाउंड हासिल किए। लियाओ सैनिंग ने 14 प्वाइंट्स और हू मिंगक्सुआन ने 13 प्वाइंट्स जोड़े, जबकि चीन के सात खिलाड़ियों ने डबल-डिजिट में स्कोर किया। कुई योंगक्सी ने भी 10 पॉइंट और 12 रिबाउंड के साथ डबल-डबल पूरा किया।
यह जीत उस हार के 3 साल बाद मिली है जब चीन को 2022 एशियन गेम्स के सेमीफाइनल में फिलीपींस से 76-77 से हार का सामना करना पड़ा था।
इससे पहले, सोमवार को बहरीन ने कजाकिस्तान को 101-78 से हराकर 'ग्रुप-सी' में 2-1 के रिकॉर्ड के साथ दूसरा स्थान हासिल किया। फिलीपींस का सफर एक जीत और दो हार के साथ खत्म हुआ। वे तीसरे स्थान पर रहने वाली दो सर्वश्रेष्ठ टीमों में जगह नहीं बना पाए, जिससे एशियन गेम्स में उनके टाइटल बचाने का अभियान जल्दी खत्म हो गया।
क्वार्टर फाइनल मुकाबले 16 सितंबर को आइची इंटरनेशनल एरिना में खेले जाएंगे। अंतिम-8 चरण में चीन का सामना सऊदी अरब से होगा, जबकि साउथ कोरिया की भिड़ंत जॉर्डन से होगी। वहीं, ईरान की टीम बहरीन के खिलाफ उतरेगी और मेजबान जापान का मुकाबला चीनी ताइपे से होगा।
--आईएएनएस
आरएसजी
