Aapka Rajasthan

एशियन गेम्स 2026: रेसलर अमन सहरावत ने देश को दिलाया गोल्ड, फाइनल में वर्ल्ड चैंपियन को दी शिकस्त

नगोया, 3 अक्टूबर (आईएएनएस)। एशियन गेम्स 2026 में भारतीय रेसलर अमन सहरावत ने देश की झोली में एक और गोल्ड मेडल डाला है। अमन ने 57 किलोग्राम फ्रीस्टाइल कैटेगरी के फाइनल मुकाबले में बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए गोल्ड मेडल अपने नाम किया।
 

नगोया, 3 अक्टूबर (आईएएनएस)। एशियन गेम्स 2026 में भारतीय रेसलर अमन सहरावत ने देश की झोली में एक और गोल्ड मेडल डाला है। अमन ने 57 किलोग्राम फ्रीस्टाइल कैटेगरी के फाइनल मुकाबले में बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए गोल्ड मेडल अपने नाम किया।

अमन ने रोमांचक फाइनल मैच में वर्ल्ड चैंपियन चोंग-सोंग को 11-7 से हराया। अमन ने एशियन गेम्स में यह लगातार दूसरा मेडल जीता है। पिछले एशियन गेम्स में अमन ने ब्रॉन्ज मेडल अपने नाम किया था। हालांकि, इस बार वह अपने मेडल का रंग बदलने में सफल रहे। एशियन गेम्स 2026 में रेसलिंग में यह भारत का दूसरा गोल्ड मेडल है। इससे पहले, सुजीत कलकल ने फ्रीस्टाइल स्पर्धा में गोल्ड मेडल अपने नाम किया।

फाइनल मुकाबले में अमन को साउथ कोरियाई पहलवान और वर्ल्ड चैंपियन चोंग-सोंग से कड़ी टक्कर मिली। मैच में अमन पहला प्वाइंट अर्जित करने में सफल रहे। मुकाबले में हुए इंजरी ब्रेक के बाद अमन के खेल में ज्यादा आक्रामकता नजर आई और उन्होंने अपनी बढ़त को 6-1 कर लिया। हालांकि, इसके बाद चों-सोंग ने मुकाबले में वापसी की। चोंग ने न सिर्फ अमन की बढ़त को खत्म किया, बल्कि खुद मैच में लीड हासिल कर ली।

मैच के आखिरी एक मिनट में अमन ने एक बार फिर मुकाबले का रुख पलटा और उन्होंने शानदार दांव लगाते हुए चोंग-सोंग के खिलाफ महत्वपूर्ण बढ़त बना ली। अमन ने मौजूदा वर्ल्ड चैंपियन को अपने दांव से पहले पूरी तरह लॉक किया और फिर उन्हें पलटने के साथ ही चार अहम प्वाइंट्स हासिल किए। अमन का यह दांव निर्णायक साबित हुआ और वह फाइनल मुकाबले को 11-7 से अपने नाम करने में सफल रहे।

अमन सेमीफाइनल में वापसी करते हुए जीत के साथ फाइनल में पहुंचे थे। भारतीय खिलाड़ी ने दिन की शुरुआत जापान के यामातो ओगावा पर 20-9 की 'तकनीकी श्रेष्ठता' वाली जीत के साथ की थी और फिर क्वार्टर फाइनल में कजाकिस्तान के नुरदानत ऐतानोव को 12-1 से हराया था। ताजिकिस्तान के आयाल बेलोल्युब्स्की के खिलाफ सेमीफाइनल में अमन पहले राउंड के बाद 2-6 से पीछे थे, लेकिन उन्होंने शानदार वापसी करते हुए दूसरे राउंड में 12 प्वाइंट बनाए और सिर्फ दो प्वाइंट गंवाकर 14-8 से जीत हासिल की।

--आईएएनएस

एसएम/आरएसजी