एशियन गेम्स 2026: भारत ने पुरुषों की 10 मीटर एयर राइफल टीम इवेंट में जीता सिल्वर मेडल
नागोया, 21 सितंबर (आईएएनएस)। एशियन गेम्स 2026 में हिमांशु ढिल्लों, पार्थ माने और रुद्राक्ष पाटिल की भारतीय पुरुष 10 मीटर एयर राइफल टीम ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए सिल्वर मेडल अपने नाम किया।
इस मेडल के साथ ही भारत की एशियन गेम्स में कुल मेडल की संख्या अब 3 हो गई है। रुद्राक्ष ने 60-शॉट क्वालिफिकेशन में 631.8 का शानदार प्रदर्शन करते हुए तीसरा स्थान हासिल किया, जबकि हिमांशु ने 630 के स्कोर के साथ सातवां और पार्थ ने 628.3 के स्कोर के साथ कुल 1890.1 अंक हासिल किए।
10 मीटर एयर राइफल टीम इवेंट में यह रुद्राक्ष का दूसरा एशियाई खेल पदक था। इससे पहले उन्होंने हांग्जो में हुए एशियन गेम्स 2023 में गोल्ड मेडल जीता था। चीन ने 1899.0 के विश्व-रिकॉर्ड स्कोर के साथ गोल्ड मेडल जीता और साउथ कोरिया ने 1884.2 अंकों के साथ ब्रॉन्ज मेडल हासिल किया।
इसके अलावा, रुद्राक्ष क्वालिफिकेशन में तीसरे और हिमांशु सातवें स्थान पर रहे। क्वालिफिकेशन में शीर्ष-आठ में जगह बनाने के बाद दोनों ने व्यक्तिगत फाइनल के लिए क्वालीफाई किया। इससे पहले, रविवार को शूटिंग के शुरुआती दिन भारतीय शूटर इलावेनिल वलारिवन ने दो सिल्वर मेडल जीते। उन्होंने टीम सिल्वर में भारत की मदद करने के बाद महिलाओं की 10 मीटर एयर राइफल व्यक्तिगत इवेंट में दूसरा स्थान हासिल किया।
यह इलावेनिल का पहला व्यक्तिगत एशियाई खेल पदक था। उन्होंने जकार्ता 2018 में एक टीनएजर के तौर पर हिस्सा लिया था, लेकिन महिलाओं की 10 मीटर एयर राइफल के फाइनल में नहीं पहुंच पाई थीं। इलावेनिल के नाम 253.6 का एशियाई रिकॉर्ड भी है, जो उन्होंने पिछले साल श्यमकेंट में एशियाई चैंपियनशिप जीतने के दौरान बनाया था। उन्होंने नई दिल्ली में एशियाई चैंपियनशिप 2026 में सफलतापूर्वक अपना महाद्वीपीय खिताब बरकरार रखा।
भारत ने अब तक तीन सिल्वर मेडल जीते हैं, और ये सभी शूटिंग खेल में प्राप्त हुए हैं। चीन के हांग्जो में हुए एशियाई खेलों के पिछले संस्करण में, भारतीय शूटर्स ने 7 गोल्ड, 9 सिल्वर और 6 ब्रॉन्ज मेडल जीते थे, जो कुल मिलाकर 22 पदकों की एक अभूतपूर्व उपलब्धि थी।
--आईएएनएस
एसएम/एएस
