एशियन बॉक्सिंग चैंपियनशिप: भारत की अंडर-19 और अंडर-23 टीमें घोषित, विश्वनाथ और चंद्रिका अगुवाई करेंगे
नई दिल्ली, 1 जुलाई (आईएएनएस)। भारत अंडर-19 और अंडर-23 एशियन बॉक्सिंग चैंपियनशिप में बेहतरीन प्रदर्शन करने वाले और उभरते हुए खिलाड़ियों का मिला-जुला दल उतारेगा। यह प्रतियोगिता 3 से 16 जुलाई के बीच इंडोनेशिया के जकार्ता में आयोजित होगी। मौजूदा एशियन चैंपियन विश्वनाथ सुरेश और वर्ल्ड बॉक्सिंग फ्यूचर्स कप गोल्ड मेडलिस्ट चंद्रिका पुजारी इस महाद्वीपीय प्रतियोगिता में भारत की अगुवाई करेंगे।
बॉक्सिंग फेडरेशन ऑफ इंडिया (बीएफआई) ने बुधवार को दोनों आयु वर्गों के लिए टीमों की घोषणा कर दी। पुरुषों के अंडर-23 वर्ग में 50 किग्रा कैटेगरी में मौजूदा एशियन चैंपियन विश्वनाथ टीम की अगुवाई करेंगे, जिसमें गंगा (55 किग्रा), सागर जाखड़ (60 किग्रा), वंशज (65 किग्रा), हितेश (70 किग्रा), नीरज (75 किग्रा), आर्यन मलिक (80 किग्रा), रॉकी चौधरी (85 किग्रा), हेमंत सांगवान (90 किग्रा) और ईशान कटारिया (90+ किग्रा) भी शामिल हैं।
महिलाओं की अंडर-23 टीम में निधि (48 किग्रा), तनु (51 किग्रा), निशा (54 किग्रा), प्राची (57 किग्रा), निकिता चंद (60 किग्रा), काजल (65 किग्रा), शिवानी (70 किग्रा), मुस्कान (75 किग्रा), नैना (80 किग्रा) और प्रियंका (80+ किग्रा) शामिल हैं।
अंडर-19 प्रतियोगिता में, फ्यूचर्स कप गोल्ड मेडलिस्ट चंद्रिका पुजारी 51 किग्रा कैटेगरी में लड़कियों की टीम की अगुवाई करेंगी। उनके साथ गुंजन (48 किग्रा), चिरोम जॉयश्री देवी (54 किग्रा), प्राची (57 किग्रा), चाहत (60 किग्रा), वंशिका (65 किग्रा), लक्षु (70 किग्रा), अंशिका (75 किग्रा), मेघा श्योकंद (80 किग्रा) और प्राची टोकस (+80 किग्रा) भी शामिल हैं।
लड़कों की अंडर-19 टीम में ये खिलाड़ी शामिल हैं: लैरेनलाकपाम अंबेकर मीतेई (50 किग्रा), आदित्य (55 किग्रा), सिकंदर (60 किग्रा), मौसम सुहाग (65 किग्रा), प्रशांत (70 किग्रा), देवेंद्र चौधरी (75 किग्रा), लोकेश (80 किग्रा), सागर (85 किग्रा), शुभम राजपूत (90 किग्रा) और लोवेन गुलिया (90+ किग्रा)।
हाल के कॉन्टिनेंटल और ग्लोबल इवेंट्स में अच्छे प्रदर्शन और कई वेट कैटेगरी में बढ़ती गहराई के साथ भारत इस चैंपियनशिप में उतर रहा है। चुने गए बॉक्सर्स नेशनल कैंप में ट्रेनिंग कर रहे हैं, जहां टूर्नामेंट से पहले उनकी तैयारी तकनीकी सुधार, रणनीतिक अमल और फिजिकल कंडीशनिंग पर केंद्रित रही है।
--आईएएनएस
आरएसजी
