एशेज सीरीज 2027 का एक भी मुकाबला हेडिंग्ले में नहीं होने पर स्टोक्स ने जताई नाराजगी, फैसले को बताया 'बेतुका'
लंदन, 22 अगस्त (आईएएनएस)। इंग्लैंड के पूर्व कप्तान बेन स्टोक्स ने मेंस एशेज शेड्यूल 2027 से हेडिंग्ले को बाहर करने के फैसले को 'बेतुका' बताया है। इस हाई-प्रोफाइल सीरीज के लिए उत्तरी इलाके में कोई वेन्यू न होने पर खिलाड़ियों और कमेंटेटरों की बढ़ती आलोचना में वे भी शामिल हो गए हैं।
स्टोक्स ने शेड्यूल पर चर्चा करने वाली एक पोस्ट के जवाब में अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'इंस्टाग्राम' की स्टोरी पर अपनी निराशा जाहिर की। स्टोक्स ने लिखा, "शर्मनाक कहना कम होगा। 'बेतुका' कहना ज्यादा सही रहेगा। हालांकि, यह जीत शानदार रही।" उन्होंने लीड्स में पाकिस्तान के खिलाफ इंग्लैंड की एक पारी और 103 रन से जीत के संदर्भ में यह टिप्पणी की।
इंग्लैंड एंड वेल्स क्रिकेट बोर्ड (ईसीबी) ने बताया था कि अगले साल की एशेज सीरीज ट्रेंट ब्रिज, लॉर्ड्स, एजबेस्टन, रोज बाउल और ओवल में होगी। इस आवंटन का मतलब था कि हेडिंग्ले और ओल्ड ट्रैफर्ड स्टेडियम दोनों को शेड्यूल से बाहर कर दिया गया।
हाल ही में नियुक्त टेस्ट कप्तान जो रूट ने पहले उत्तरी वेन्यू को बाहर करने को शर्मनाक बताया था और इस मैदान पर इंग्लैंड के शानदार रिकॉर्ड की ओर इशारा किया था, जहां उन्होंने लगातार सात टेस्ट जीते हैं। हेडिंग्ले और ओल्ड ट्रैफर्ड दोनों को 2031 में एशेज टेस्ट की मेजबानी करनी है, लेकिन 2027 में बाहर किए जाने से कई लोग निराश हैं।
इंग्लैंड के पूर्व बल्लेबाज मार्क बुचर ने भी तीसरे दिन के प्रसारण के दौरान इस फैसले पर सवाल उठाए। उन्होंने स्काई स्पोर्ट्स के साथ बात करते हुए कहा, "मेरा मानना है कि हैम्पशायर के सबसे बड़े समर्थक को छोड़कर ज्यादातर लोग इस बात से सहमत होंगे कि एशेज जैसी बड़ी सीरीज में देश के हर हिस्से को प्रतिनिधित्व मिलना चाहिए। जब इस खेल को पूरे देश का खेल बताया जाता है, तो इंग्लैंड के उत्तरी हिस्से में भी कम से कम एक मैच होना चाहिए। चाहे मैच हेडिंग्ले में हो या ओल्ड ट्रैफर्ड में, इसका फैसला संबंधित अधिकारी करेंगे। हालांकि, मुझे यह हैरान करने वाला लगता है कि अगले साल ट्रेंट ब्रिज को छोड़कर इंग्लैंड के उत्तर में कहीं भी एशेज मैच नहीं खेला जाएगा।"
--आईएएनएस
एसएम/डीकेपी
