असम में कांग्रेस सिंगल डिजिट में सिमटेगी, 4 मई को बंगाल से ममता सरकार गई: गौरव वल्लभ
नई दिल्ली, 8 अप्रैल (आईएएनएस)। भाजपा नेता गौरव वल्लभ ने असम और पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनावों को लेकर विपक्षी दलों पर तीखा हमला बोला। उन्होंने दावा किया कि असम में कांग्रेस सिंगल डिजिट सीटों तक सिमट जाएगी, जबकि पश्चिम बंगाल में 4 मई को ममता बनर्जी की तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) की सत्ता चली जाएगी।
नई दिल्ली में भाजपा नेता गौरव वल्लभ ने समाचार एजेंसी आईएएनएस से बातचीत करते हुए कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के बयान पर पलटवार किया। उन्होंने कहा कि एक राष्ट्रीय पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एक राज्य के लोगों को गाली देते हैं। वे उनके खिलाफ अपमानजनक भाषा का इस्तेमाल करते हैं। पांच राज्यों के चुनाव में कांग्रेस पार्टी अपने इतिहास की सबसे बुरी हार की ओर बढ़ रही है। वे कहते हैं नमाज बाद में अदा करो, पहले कुचलो। यह कैसी भाषा है।
उन्होंने दावा किया कि असम में कांग्रेस पार्टी सिंगल डिजिट विधायक के साथ रह जाएगी। कांग्रेस के लोग हताशा में गाली देते हैं और दूसरे धर्म के लोगों को हिंसा के लिए उकसाते हैं। खड़गे किस तरह की भाषा का प्रयोग कर रहे हैं।
बंगाल चुनाव को लेकर उन्होंने कहा कि बिहार में जिस तरह का आचरण तेजस्वी यादव का था, बंगाल में ममता बनर्जी का आचरण भी वैसा ही है। बिहार चुनाव के परिणाम के बाद जो हाल तेजस्वी यादव का हुआ। बंगाल में ममता बनर्जी के साथ भी कुछ ऐसा ही होगा। बंगाल में पहली बार भाजपा की सरकार बनने जा रही है, 4 मई को बंगाल से ममता गईं।
सपा प्रमुख यादव द्वारा केंद्र सरकार की विदेश नीति की आलोचना किए जाने पर उन्होंने कहा कि अखिलेश यादव को केवल उन्हीं मामलों पर टिप्पणी करनी चाहिए जिनके बारे में उन्हें जानकारी हो। वे विदेश नीति के बारे में क्या जानते हैं? इसमें आपके पास कौन सी पीएचडी है? क्या आपके पास विदेश नीति की बुनियादी शिक्षा भी है? भारत की नीति राष्ट्र प्रथम की है, करोड़ों लोगों की सुरक्षा को प्राथमिकता देना हमारी नीति है। ईरान और इजरायल की सरकार भारत के साथ संपर्क में थी, यह हमारी विदेश नीति थी।
पवन खेड़ा वाले मामले में गौरव वल्लभ ने कहा कि राहुल गांधी और उनके परिवार को पता होगा कि उन्होंने पवन खेड़ा को नकली दस्तावेज दिए थे और उन नकली दस्तावेजों का इस्तेमाल करके पवन खेड़ा ने दो बड़े पाप किए हैं। पहला, उन्होंने एक महिला पर इतना घिनौना और घटिया आरोप लगाया, यह दावा करते हुए कि उसके पास तीन पासपोर्ट हैं, जबकि तीनों देशों ने पुष्टि कर दी है कि वे पासपोर्ट उनके नहीं हैं। अगर पवन खेड़ा सही और सच्चे हैं तो वह भगोड़े क्यों हैं? वह कहां छिपे हुए हैं? वह सामने क्यों नहीं आते?
उन्होंने कहा कि चुनाव को दूसरी तरह से प्रभावित करने का पाप कांग्रेस ने किया। इस काम में कांग्रेस का शीर्ष नेतृत्व भी शामिल है। पवन खेड़ा पर कानूनी कार्रवाई होगी, कानून के सामने उन्हें सरेंडर करना होगा।
--आईएएनएस
डीकेएम/डीकेपी
