असल मुद्दों से ध्यान भटकाने के लिए सहारनपुर मस्जिद पर हुई कार्रवाई: रुचि वीरा
मुरादाबाद, 6 सितंबर (आईएएनएस)। समाजवादी पार्टी की सांसद रुचि वीरा ने सहारनपुर में मस्जिद गिराए जाने को लेकर एआईएमआईएम प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी के बयान का समर्थन किया। उन्होंने आरोप लगाया कि उत्तर प्रदेश की योगी आदित्यनाथ सरकार मूल मुद्दों से लोगों का ध्यान भटकाने के लिए धार्मिक स्थलों को निशाना बना रही है।
मुरादाबाद में आईएएनएस से बातचीत के दौरान सपा सांसद ने कहा कि यदि कोई मस्जिद 100 साल से अधिक पुरानी थी, तो सरकार के पास इस मामले को उच्च न्यायालय में ले जाने का विकल्प था। उन्होंने सवाल उठाया कि आखिर मस्जिद को गिराने की जरूरत क्यों पड़ी।
उन्होंने कहा कि नीट पेपर लीक और देश के तमाम दूसरे मुद्दे हैं, जिन्हें लेकर सरकार से जनता जवाब चाहती है, लेकिन लोगों का ध्यान भटकाने के लिए मस्जिद पर कार्रवाई हुई। मुझे तो ऐसा ही लगता है। मस्जिद को तोड़े जाने की क्या जरूरत थी।
सपा सांसद ने कहा कि भाजपा सनातन धर्म की बात करती है, लेकिन सनातन किसी दूसरे धर्म का अनादर करना नहीं सिखाता। भाजपा सनातन का ठेका लेने की बात करती है, लेकिन सनातन यह नहीं सिखाता कि दूसरे धर्म का सम्मान न किया जाए। भाजपा सनातनी नहीं हो सकती। हमारी पार्टी इस कार्रवाई की निंदा करती है।
असदुद्दीन ओवैसी के बयान पर रुचि वीरा ने कहा कि मैं उनकी बात से पूरी तरह सहमत हूं। उन्होंने कहा कि किसी भी व्यक्ति को दूसरे धर्म का अपमान करने का अधिकार नहीं है। ओवैसी ने बिल्कुल सही कहा है कि किसी को भी दूसरे के धर्म का अपमान करने का हक नहीं है। यहां विभिन्न धर्मों के लोग रहते हैं और सभी को अपने धर्म का पालन करने की स्वतंत्रता है। योगी सरकार की यह कार्रवाई ठीक नहीं है।
उन्होंने राम मंदिर का जिक्र करते हुए आरोप लगाया कि उस मामले में किसी के खिलाफ इसी तरह की कार्रवाई नहीं की गई और न ही किसी के घर पर बुलडोजर चलाया गया। इस तरह की राजनीति के जरिए लोगों का ध्यान वास्तविक मुद्दों से हटाने की कोशिश की जा रही है। उन्होंने योगी आदित्यनाथ सरकार पर आरोप लगाया कि वह धार्मिक मामलों को लेकर कार्रवाई करके जनता का ध्यान दूसरे महत्वपूर्ण मुद्दों से भटका रही है।
--आईएएनएस
डीकेएम/वीसी
