अरुणाचल प्रदेश के दोइमुख में पीएम मोदी ने इनडोर क्रिकेट अकादमी का वर्चुअल उद्घाटन किया
दोइमुख, 28 अप्रैल (आईएएनएस)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मंगलवार को अरुणाचल प्रदेश के दोइमुख में एक इनडोर क्रिकेट अकादमी का वर्चुअल उद्घाटन किया।
प्रधानमंत्री ने इस अवसर पर कहा कि अकादमी की सुविधा स्थानीय प्रतिभाओं को निखारेगी और युवाओं को राष्ट्रीय मंच पर बेहतरीन प्रदर्शन करने के लिए जरूरी साधन उपलब्ध कराएगी और पूर्वोत्तर में खेल के इकोसिस्टम को बढ़ावा देगी।
बीसीसीआई और अरुणाचल क्रिकेट एसोसिएशन द्वारा संयुक्त रूप से विकसित, इस विश्व-स्तरीय सुविधायुक्त अकादमी में हाई-टेक प्रैक्टिस नेट और फिटनेस सेंटर हैं, जिन्हें पूरे साल प्रशिक्षण देने के लिए डिजाइन किया गया है, ताकि इस क्षेत्र में भारी मॉनसून की चुनौतियों का सामना किया जा सके।
अरुणाचल प्रदेश क्रिकेट बोर्ड के अध्यक्ष नबम विवेक ने कहा, "आज बहुत खुशी का दिन है। अरुणाचल क्रिकेट के लिए यह दिन बहुत महत्वपूर्ण है। बीसीसीआई के सहयोग से इस अकादमी को विश्वस्तरीय बनाया गया है। यहां अरुणाचल के लड़के और लड़कियां अभ्यास करेंगे।
उन्होंने कहा, "यहां पर विश्वस्तरीय जिम, स्विमिंग पूल है। इंडोर स्टेडियम इसलिए है, क्योंकि यहां मॉनसून का बहुत प्रभाव लगभग 6 से 7 महीने रहता है। इस वजह से खुले में हमारे खिलाड़ी अभ्यास नहीं कर पाते हैं। इंडोर स्टेडियम बनने से यह समस्या समाप्त हो गई है। अब हमारे खिलाड़ी निरंतरता के साथ अभ्यास कर सकेंगे। पूर्वोत्तर के राज्यों में असम और त्रिपुरा को छोड़कर बाकी सभी को इंडोर स्टेडियम स्वीकृत किया गया है।"
विवेक ने कहा, "अरुणाचल पहला राज्य है जहां इंडोर स्टेडियम का उद्घाटन हुआ है। हमने बीसीसीआई से अनुरोध किया है कि अरुणाचल में एक स्टेडियम का निर्माण कर दिया जाए जिसमें हम रणजी ट्रॉफी के अपने मैच खेल सकें।"
क्रिकेटर टेची डोरिया एक खिलाड़ी के तौर पर इंडोर स्टेडियम के उद्घाटन से मैं काफी खुश हूं। पहले हमारा अभ्यास बारिश की वजह से बाधित होता था। अब बीसीसीआई ने हमें इंडोर स्टेडियम उपलब्ध कराया है। इससे हमारा अभ्यास बाधित नहीं होगा। इसके लिए मैं बीसीसीआई का धन्यवाद देता हूं, साथ ही उद्घाटन के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का भी धन्यवाद देता हूं।
--आईएएनएस
पीएके
