Aapka Rajasthan

आर्थिक अपराध शाखा कश्मीर ने सरकारी काम का झांसा देकर ठगने वाले व्यक्ति के खिलाफ चार्जशीट दाखिल की

श्रीनगर, 10 नवंबर (आईएएनएस)। जम्मू-कश्मीर की आर्थिक अपराध शाखा (ईओडब्ल्यू), कश्मीर ने धोखाधड़ी के एक मामले में श्रीनगर की सब-जज अदालत में गुलाम हसन डार (निवासी: धोबी घाट, हजरतबल) के खिलाफ चार्जशीट दाखिल की है।
 

श्रीनगर, 10 नवंबर (आईएएनएस)। जम्मू-कश्मीर की आर्थिक अपराध शाखा (ईओडब्ल्यू), कश्मीर ने धोखाधड़ी के एक मामले में श्रीनगर की सब-जज अदालत में गुलाम हसन डार (निवासी: धोबी घाट, हजरतबल) के खिलाफ चार्जशीट दाखिल की है।

यह मामला एक लिखित शिकायत के आधार पर दर्ज किया गया था, जिसमें आरोप लगाया गया था कि आरोपी ने खुद को दिल्ली में तैनात सीआईडी अधिकारी बताकर लोगों को सरकारी काम कराने का झांसा दिया। आरोपी ने रेलवे विभाग के एक कर्मचारी को उत्तराखंड से श्रीनगर ट्रांसफर कराने का भरोसा दिलाया। इसके अलावा, उसने स्वास्थ्य विभाग में 'नर्सिंग ऑर्डरली' के पद पर नौकरी दिलाने का वादा किया और पीड़ित को फर्जी नियुक्ति पत्र और जाली डेपुटेशन लेटर दे दिए। इस तरह, आरोपी ने लोगों से लाखों रुपये की ठगी की।

जांच के दौरान, ये आरोप सही पाए गए। चूंकि आरोपी फरार है, इसलिए जांच पूरी होने के बाद सीआरपीसी की धारा 512 के तहत अदालत में चार्जशीट दाखिल कर दी गई है, ताकि कानूनी कार्रवाई आगे बढ़ सके।

आर्थिक अपराध शाखा कश्मीर के एसएसपी ने आम जनता को सलाह दी है कि जो लोग सरकारी पहुंच होने का दावा करते हैं, उनकी पहचान की पुष्टि जरूर करें। सरकारी नौकरी या ट्रांसफर के लिए कभी भी किसी अनधिकृत माध्यम से पैसे न दें। ऐसी किसी भी धोखाधड़ी की सूचना आर्थिक अपराध शाखा कश्मीर को दें।

इससे पहले, अक्टूबर में, आर्थिक अपराध प्रकोष्ठ ने नौकरी घोटाले के मामले में दो आरोपियों के खिलाफ अदालत में चार्जशीट दाखिल की थी। अपराध शाखा की ओर से जारी बयान के अनुसार, आर्थिक अपराध प्रकोष्ठ जम्मू ने अनंतनाग के दमहल निवासी पीरजादा अब्दुल हमीद और पुंछ के संगयोटे निवासी मुनीर हुसैन के खिलाफ जम्मू के सब-जज की अदालत में आरोप-पत्र पेश किया था।

यह मामला जम्मू अपराध शाखा के एक पुलिस स्टेशन में रणबीर दंड संहिता की धारा 420 और 120-बी के तहत दर्ज किया गया था। दोनों पर कथित तौर पर फर्जी नौकरी दिलाने वाले गिरोह में शामिल होने का आरोप है।

--आईएएनएस

ओपी/एएस