'अरिजीत को हंसते-हंसते पेट में दर्द हो जाता है', काजी तौकीर ने बताया सिंगर का अनदेखा अंदाज
मुंबई, 14 नवंबर (आईएएनएस)। गायक काजी तौकीर और अरिजीत सिंह करीब 21 साल से दोस्त हैं और दोनों एक-दूसरे के साथ बेहद गहरा और खास रिश्ता शेयर करते हैं। रियलिटी शो 'बिग बॉस-20' के दौरान काजी तौकीर ने अरिजीत के साथ अपने रिश्ते के बारे में खुलकर बात की।
शो के दौरान काजी तौकीर ने अरिश्फा खान और उदिति सिंह के साथ बातचीत में अरिजीत को एक रिजर्व इंसान बताया। उन्होंने कहा कि गायक में एक अलग ही लेवल का पागलपन है और वे ऐसे इंसान हैं, जो खुद को और भी ज्यादा एक्सप्लोर करने के लिए लगातार आगे बढ़ाते रहते हैं।
उन्होंने कहा, "जब अरिजीत और मैं एक साथ बैठते हैं, तो अरिजीत को हंसते-हंसते पेट में दर्द होने लगता है, क्योंकि मेरा लेवल उनसे अलग है। वे भी पागलपन वाली हरकतें करते हैं, लेकिन साथ ही वे एक प्राइवेट इंसान भी हैं। वह सिर्फ अपने लोगों के सामने ही खुलते हैं।"
काजी ने आगे बताया कि कैसे अरिजीत की जिज्ञासा और क्रिएटिव अप्रोच उन्हें और आगे बढ़ाती रहती हैं। उन्होंने कहा, "वो बहुत पागल, कमाल के, चैंपियन और खूबसूरत इंसान हैं और यह उनके अंदर कभी खत्म नहीं होना चाहिए। उनके अंदर चैंपियन वाला एटीट्यूड है।"
काजी ने अपने और अरिजीत के बीच समानता के बारे में बात करते हुए कहा कि अलग-अलग तरीके से एक्सप्रेस करने के बावजूद दोनों की पर्सनालिटी एक जैसी है।
बता दें कि काजी तौकीर और अरिजीत सिंह दोनों ने ही भारतीय म्यूजिक इंडस्ट्री में अपनी अलग जगह बनाई है। दोनों की पहली मुलाकात साल 2005 में सिंगिंग रियलिटी शो 'फेम गुरुकुल' के दौरान हुई थी। इस शो में काजी तौकीर विजेता बने थे, जबकि अरिजीत सिंह छठे स्थान पर रहे थे।
शो के दौरान दोनों टीनएजर थे और एक ही कमरे में साथ रहते थे। जब काजी तौकीर 'बिग बॉस 20' में बतौर कंटेस्टेंट शामिल हुए, तब अरिजीत सिंह ने खुलकर उनका समर्थन किया। अरिजीत ने सोशल मीडिया पर कहा था कि वे पहली बार बिग बॉस देख रहे हैं क्योंकि उनके दोस्त और 'रॉकस्टार काजी' इस शो का हिस्सा हैं।
--आईएएनएस
एनएस/एएस
