Aapka Rajasthan

अर्जेंटीना में 15 जुलाई 'नेशनल फुटबॉल टीम्स डे' के रूप में मनाया जाएगा, एएफए ने की घोषणा

ब्यूनस आयर्स, 6 अगस्त (आईएएनएस)। अर्जेंटीना फुटबॉल एसोसिएशन (एएफए) की कार्यकारी समिति ने एजीजा में एक ट्रेनिंग सेंटर में हुई एक बैठक में 15 जुलाई को आधिकारिक रूप से 'नेशनल फुटबॉल टीम्स डे' घोषित किया है। फीफा विश्व कप 2026 में अर्जेंटीना ने 15 जुलाई को सेमीफाइनल में इंग्लैंड पर जीत दर्ज की थी।
 

ब्यूनस आयर्स, 6 अगस्त (आईएएनएस)। अर्जेंटीना फुटबॉल एसोसिएशन (एएफए) की कार्यकारी समिति ने एजीजा में एक ट्रेनिंग सेंटर में हुई एक बैठक में 15 जुलाई को आधिकारिक रूप से 'नेशनल फुटबॉल टीम्स डे' घोषित किया है। फीफा विश्व कप 2026 में अर्जेंटीना ने 15 जुलाई को सेमीफाइनल में इंग्लैंड पर जीत दर्ज की थी।

फीफा विश्व कप 2026 में 15 जुलाई को सेमीफाइनल में अर्जेंटीना ने इंग्लैंड को 2-1 से हराया था। दूसरे हाफ में एंथनी गॉर्डन के गोल से पिछड़ने के बाद, लियोनेल स्कालोनी की टीम ने एंजो फर्नांडीज के 85वें मिनट में बराबरी के गोल से वापसी की, जिसके बाद लुटारो मार्टिनेज ने स्टॉपेज टाइम में गोल करके फाइनल में जगह पक्की कर ली। इसी जीत की याद में 15 जुलाई को ‘नेशनल फुटबॉल टीम्स डे’ रूप में मनाने का फैसला लिया गया है।

एएफए ने इस निर्णय के बारे में कहा, "यह तारीख 2026 वर्ल्ड कप सेमीफाइनल में इंग्लैंड पर अर्जेंटीना की ऐतिहासिक जीत की याद में चुनी गई है। लियोनेल स्कालोनी की टीम इंग्लैंड से एक गोल से पीछे थी, लेकिन एन्जो फर्नांडीज और लुटारो मार्टिनेज के गोल से उन्होंने मैच का पासा पलट दिया, जिससे पूरा देश जश्न में डूब गया।"

फेडरेशन ने कहा कि यह सम्मान सिर्फ सीनियर पुरुष टीम तक ही सीमित नहीं था। यह पहचान हर एक नेशनल टीम को भी मिलती है, जिसमें यूथ, पुरुष और महिला, फुटसल, बीच सॉकर और फील्ड फुटबॉल शामिल हैं, जो अर्जेंटीना का प्रतिनिधित्व करने की उम्मीद, खुशी और जिम्मेदारी के साथ हर दिन लियोनेल आंद्रेस मेस्सी ट्रेनिंग कॉम्प्लेक्स में ट्रेनिंग करते हैं।

सेमीफाइनल टूर्नामेंट के सबसे अहम मैचों में से एक था और इसके बाद विवाद हुआ जब कुछ अर्जेंटीना खिलाड़ियों ने फॉकलैंड आइलैंड्स, जिसे अर्जेंटीना में माल्विनास के नाम से जाना जाता है, का जिक्र करते हुए नारे और पोस्टर लगाकर जश्न मनाया।

इस जश्न की इंग्लैंड में आलोचना हुई और दोनों देशों के बीच लंबे समय से चले आ रहे संप्रभुता के विवाद पर बहस फिर से शुरू हो गई, हालांकि मैदान पर नतीजा अर्जेंटीना की सबसे मशहूर वर्ल्ड कप जीतों में से एक रहा।

अब प्रत्येक वर्ष 15 जुलाई को नेशनल फुटबॉल टीम्स डे मनाया जाएगा। अर्जेंटीना फुटबॉल की हर वर्ग की उपलब्धियों का जश्न मनाया जाएगा।

--आईएएनएस

पीएके