अपने गृह नगर का प्रतिनिधित्व करने का मौका मिलना खास, झज्जर के लोगों को गर्व करने की वजह देना चाहता हूं: अयान लोचब
झज्जर, 19 नवंबर (आईएएनएस)। एशियन गेम्स के गोल्ड मेडलिस्ट अयान लोचब कबड्डी चैंपियंस लीग (केसीएल) सीजन 2 की नीलामी में सबसे महंगे खिलाड़ी रहे। उन्हें झज्जर जगुआर ने 17.4 लाख रुपए में खरीदा। अयान का कहना है कि अपने गृह नगर का प्रतिनिधित्व करने का मौका मिलना एक अलग ही एहसास होगा।
झज्जर में जन्मे इस कबड्डी खिलाड़ी ने फ्रेंचाइजी के साथ जुड़ने को अपने लिए एक विशेष अवसर बताया। उनका कहना है कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर सफलता हासिल करने के बाद अब उन्हें अपने गृह जिले का प्रतिनिधित्व करने का मौका मिला है।
उन्होंने कहा, “झज्जर जगुआर के लिए खेलना बहुत खास एहसास है। मैंने इंटरनेशनल लेवल पर भारत का प्रतिनिधित्व किया है, लेकिन अपने गृह नगर का प्रतिनिधित्व करने का मौका मिलना बिल्कुल अलग है। केसीएल खिलाड़ियों को अपना टैलेंट दिखाने और प्रोफेशनली आगे बढ़ने के लिए एक शानदार प्लेटफॉर्म दे रहा है। मैं इस मौके का फायदा उठाना चाहता हूं और झज्जर के लोगों को गर्व करने की एक वजह देना चाहता हूं।”
लोचब जापान में हुए एशियन गेम्स 2026 में भारत की गोल्ड जीतने वाली कबड्डी टीम का हिस्सा थे। 17.4 लाख रुपए में खरीदे जाने पर वह ऑक्शन में सबसे ज्यादा कीमत वाले खिलाड़ी बने। फ्रेंचाइजी के लिए इस खिलाड़ी को उसकी जन्मभूमि का प्रतिनिधित्व करने वाली टीम से जोड़ना नीलामी में लगी कीमत से भी अधिक महत्वपूर्ण है। अंतरराष्ट्रीय अनुभव से भरपूर इस खिलाड़ी का टीम में शामिल होना न केवल खेल के लिहाज से फायदेमंद है, बल्कि स्थानीय जुड़ाव और पहचान को भी मजबूत करता है।
झज्जर जगुआर के मालिक जगदीप छिकारा ने कहा कि यह साइनिंग टीम की महत्वाकांक्षा और इस इलाके के एक जाने-माने खेल हस्ती को अपने साथ जोड़ने से जुड़े गर्व को दिखाती है।
छिकारा ने कहा, “अयान लोचब सिर्फ एक बेहतरीन कबड्डी खिलाड़ी ही नहीं हैं, बल्कि झज्जर की एक गर्व करने वाली स्पोर्टिंग पहचान भी हैं। हमारे अपने इलाके के एशियन गेम्स के गोल्ड मेडलिस्ट का झज्जर जगुआर का प्रतिनिधित्व करना इस एसोसिएशन को और भी मतलब वाला बनाता है। हम उन्हें अपनी टीम में शामिल करने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध थे। उनका साइन होना एक मजबूत और प्रतिस्पर्धी टीम बनाने की हमारी महत्वाकांक्षा को दर्शाती है। हमें भरोसा है कि उनका अंतरराष्ट्रीय अनुभव, समर्पण और खेल की गहरी समझ फ्रेंचाइजी के लिए बेहद मूल्यवान साबित होगी।”
केसीएल का दूसरा सीजन लोचब को अपने गृह नगर के समर्थकों के सामने खेलने और अपने अंतरराष्ट्रीय अनुभव को फ्रेंचाइजी स्तर पर दिखाने का अवसर देगा। नीलामी की सबसे बड़ी साइनिंग के रूप में उभरने के बाद अब झज्जर जगुआर की जर्सी में उनके प्रदर्शन पर सभी की नजरें टिकी होंगी।
--आईएएनएस
एसएम/एबीएम
