Aapka Rajasthan

'अपराध नहीं नरसंहार', छपरा में मुख्य गवाह पंकज राय की हत्या पर बोले पप्पू यादव

छपरा, 30 जून (आईएएनएस)। बिहार के छपरा में वकील पिता-पुत्र डबल मर्डर केस के मुख्य गवाह पंकज राय की हत्या के बाद राजनीतिक बयानबाजी तेज हो गई है। पूर्णिया से निर्दलीय सांसद पप्पू यादव ने इस घटना को लेकर बिहार सरकार और कानून व्यवस्था पर सवाल उठाए हैं। उन्होंने पंकज राय की हत्या को केवल अपराध नहीं बल्कि ‘नरसंहार’ करार दिया।
 

छपरा, 30 जून (आईएएनएस)। बिहार के छपरा में वकील पिता-पुत्र डबल मर्डर केस के मुख्य गवाह पंकज राय की हत्या के बाद राजनीतिक बयानबाजी तेज हो गई है। पूर्णिया से निर्दलीय सांसद पप्पू यादव ने इस घटना को लेकर बिहार सरकार और कानून व्यवस्था पर सवाल उठाए हैं। उन्होंने पंकज राय की हत्या को केवल अपराध नहीं बल्कि ‘नरसंहार’ करार दिया।

पप्पू यादव ने पत्रकारों से बातचीत करते हुए कहा कि यह हत्या पूरे सिस्टम की विफलता का नतीजा है। उन्होंने आरोप लगाया कि एक ही आपराधिक गिरोह कई घटनाओं में शामिल रहा और लगातार वारदातों को अंजाम दे रहा है। उन्होंने कहा कि आरोपियों की ओर से लगातार धमकियां दी जा रही थीं और इसके बावजूद सुरक्षा व्यवस्था नहीं की गई।

पप्पू यादव ने कहा, "बिहार में अपराध और भय का माहौल बढ़ रहा है। पिछले कुछ वर्षों में जातिगत हिंसा को बढ़ावा मिला है। पहले भी देश और बिहार में धार्मिक और जातीय तनाव की घटनाएं सामने आती रही हैं, लेकिन मौजूदा हालात चिंताजनक हैं।"

उन्होंने कहा, "छपरा में पिछले एक साल के दौरान कई बड़ी हत्याएं हुई हैं और वर्चस्व तथा जमीन विवाद जैसे कारणों से आपराधिक घटनाओं को अंजाम दिया जा रहा है।" उन्होंने राज्य की कानून व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की।

वहीं, मृतक पंकज राय की पत्नी अंजलि कुमारी ने भी पुलिस व्यवस्था पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने कहा, "परिवार की ओर से कई बार पुलिस से सुरक्षा की मांग की गई थी, लेकिन उन्हें सुरक्षा नहीं मिली।" उन्होंने आरोपियों के लिए फांसी की सजा की मांग की है।

अंजलि कुमारी ने बताया कि परिवार को पहले से खतरे की आशंका थी। उन्होंने कहा कि पुलिस को शादी समारोह में गोलीबारी की आशंका के बारे में जानकारी दी गई थी। उनके अनुसार, पंकज राय की तबीयत खराब थी और वह कहीं जाने की स्थिति में नहीं थे, लेकिन बाद में उन्हें सूचना मिली कि उन्हें गोली मार दी गई है।

उन्होंने कहा कि परिवार ने कई बार पुलिस अधिकारियों को पत्र लिखकर सुरक्षा मांगी थी। अंजलि ने सरकार से परिवार को सुरक्षा देने की मांग की और कहा कि उनके दो छोटे बच्चे हैं। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि आरोपियों को कड़ी सजा नहीं मिली तो परिवार के सामने गंभीर संकट खड़ा हो जाएगा।

--आईएएनएस

एससीएच/डीकेपी