अनुपम खेर ने समिक भट्टाचार्य से की मुलाकात, भाजपा नेता बोले- चुनावी माहौल में दिए जाते हैं ऐसे बयान
कोलकाता, 28 जून (आईएएनएस)। बॉलीवुड अभिनेता अनुपम खेर ने रविवार को भाजपा नेता समिक भट्टाचार्य से मुलाकात की। इस दौरान दोनों के बीच चुनावी रणनीति और पुराने बयानों को लेकर हल्की-फुल्की बातचीत हुई। मुलाकात के दौरान अनुपम खेर ने भट्टाचार्य के उस पुराने बयान का जिक्र किया, जिसमें उन्होंने कहा था कि 'अनुपम खेर के सिर पर बाल उग सकते हैं, लेकिन बंगाल में टीएमसी वापस नहीं आएगी।'
समिक भट्टाचार्य ने इस बयान को याद करते हुए कहा कि वह चुनावी माहौल के दौरान दिया गया राजनीतिक बयान था। उन्होंने कहा कि चुनाव के समय नेताओं को जनता के सामने अपनी बात प्रभावी तरीके से रखने के लिए कभी-कभी ऐसे व्यंग्यात्मक और मजाकिया अंदाज का सहारा लेना पड़ता है।
भट्टाचार्य ने अनुपम खेर से बातचीत में कहा, "उस समय चुनाव का माहौल था, जिसमें जनता के बीच ऐसी बातें बोलनी पड़ती हैं। लोग राजनीतिक भाषण सुनकर बोर हो जाते हैं, ऐसे में लोगों के सामने कुछ पंच देने पड़ते हैं। अनुपम खेर पूरे हिंदुस्तान में मशहूर हैं और बच्चे-बच्चे उन्हें पहचानते हैं।"
उन्होंने आगे कहा, "मैंने कहा था कि आसमान जमीन पर आ सकता है, जमीन आसमान पर जा सकता है, अनुपम खेर के सिर पर फिर से बाल आ सकते हैं, लेकिन चौथी बार तृणमूल कांग्रेस सत्ता में नहीं आ सकती है।" इस दौरान दोनों नेताओं के बीच हंसी-मजाक का माहौल भी देखने को मिला।
अनुपम खेर ने भाजपा नेता को शुभकामनाएं दीं और मजाकिया अंदाज में कहा कि वह उनके सिर पर दोबारा बाल आने के लिए प्रार्थना न करें।
इसके अलावा, अनुपम खेर ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी से मुलाकात को लेकर भी पोस्ट किया। उन्होंने लिखा कि मुख्यमंत्री से मिलना उनके लिए सम्मान और खुशी की बात है। खेर ने कहा कि मुलाकात के दौरान सिनेमा, संस्कृति और समाज को आकार देने में कहानी कहने की भूमिका पर विस्तार से चर्चा हुई।
अभिनेता ने पश्चिम बंगाल को देश और दुनिया के फिल्म निर्माताओं, कलाकारों और रचनात्मक लोगों के लिए एक प्रमुख गंतव्य बनाने के विजन की सराहना की। उन्होंने अपनी फिल्मों 'द कश्मीर फाइल्स' और 'द बंगाल फाइल्स' का भी जिक्र किया और कहा कि इतिहास, संस्कृति और महत्वपूर्ण विषयों पर आधारित सिनेमा को बढ़ावा देने की जरूरत है।
अनुपम खेर ने एक अन्य पोस्ट में कोलकाता के प्रसिद्ध कालीघाट काली मंदिर में दर्शन करने की जानकारी दी। उन्होंने लिखा कि मां काली के मंदिर में पहुंचकर उन्हें आध्यात्मिक शांति और आशीर्वाद की अनुभूति हुई। उन्होंने सभी के अच्छे स्वास्थ्य, खुशी और शांति के लिए प्रार्थना की।
उन्होंने भारत की सांस्कृतिक विविधता और प्राचीन मंदिरों की परंपरा की भी प्रशंसा की। उन्होंने कालीघाट यात्रा को संभव बनाने के लिए हलदार परिवार का आभार जताया और मां काली से सभी के मार्गदर्शन और सुरक्षा की कामना की।
--आईएएनएस
एससीएच/डीकेपी
