अनुपम खेर के लिए महेश भट्ट का इमोशनल लेटर, जटायु से लेकर बीवी प्रधान तक के सफर को किया याद
मुंबई, 12 नवंबर (आईएएनएस)। अनुपम खेर ने हाल ही में रिलीज रामायण फिल्म में जटायु के किरदार को अपनी भारी और भावनात्मक आवाज दी है, जिसके लिए उन्हें हर तरफ से सराहना मिल रही है। अभिनेता की इस तरह की सफलता को देखते हुए फिल्ममेकर महेश भट्ट ने उनके लिए पत्र लिखा।
महेश भट्ट ने अनुपम खेर के सफर की तारीफ की, जिसकी शुरुआत उन्होंने साल 1984 की फिल्म 'सारांश' में बी.वी. प्रधान के किरदार से की थी और अब उनका यह सफर फिल्म 'रामायण' में जटायु के किरदार तक पहुंचा है।
महेश भट्ट के इस खत को अभिनेता अनुपम खेर ने अपने इंस्टाग्राम पर शेयर किया, जिसमें उन्होंने अनुपम के बदलाव को याद किया और एक्टर की तरक्की पर गर्व जताया। महेश भट्ट ने लिखा, "सारांश के बी. वी. प्रधान से लेकर रामायण के जटायु तक, क्या सफर रहा है। आपका उठना और इसी प्रक्रिया में आगे बढ़ते ही जाना। मैं आपके लिए बहुत खुश हूं। स्वीडन में आपको इस तरह से देखकर मुझे बहुत अच्छा लग रहा है। लगता है, वो अनुभव आपके अंदर कहीं बस गया है। आप बदले हुए लगते हैं, मैंने देखा है कि आप लोगों से कैसे हाथ मिलाते हैं, आप हाथ मिलाते वक्त पूरा हाथ, पूरा ध्यान सामने वाले इंसान को देते हैं। आप कभी इतने आत्मविश्वासी और इतने बेफिक्र नहीं लगे। ये देखकर मुझे सारांश के पार्क वाली वो बूढ़ी औरत याद आ गई।"
उन्होंने लिखा, "सारांश के प्रधान ने अपने बेटे अजय की अस्थियां बहा दी हैं और अब वो बच्चों के साथ खेल रहा है, आपने उसे जिस तरह से देखा था। वो आपका वृद्ध पल था। जिंदगी ने आपको छू लिया था और उस पल की कुछ झलक आज भी आपकी आंखों, शरीर और दिल में बसा है। स्वीडन में मुझे वो 28 साल का अभिनेता और 34 साल का फिल्ममेकर याद आता है, जो मेरे पाली हिल वाले घर के आंगन में बात कर रहे थे। उस दिन हमने एक-दूसरे को क्या दिया था? मुझे नहीं पता। मैंने कभी सोचा भी नहीं था कि आगे इतना सब कुछ होगा। आप मुझे बहुत-बहुत खुश करते हो।"
अपनी बात को खत्म करते हुए उन्होंने लिखा, "मुझे उस इंसान जैसी खुशी महसूस होती है, जिसने कभी आपका हाथ पकड़ा था और अब आपको वहां जाते देख रहा है, जहां मैं आपको कभी नहीं ले जा सकता था। कहीं न कहीं, गांव-कस्बे का कोई लड़का तुम्हें देखेगा और अपना नामुमकिन सा सपना लेकर यहां आने की हिम्मत करेगा।और क्या मांगू मैं, अनुपम? और क्या मांगू? ढेर सारा प्यार, महेश भट्ट।
--आईएएनए
एनएस/पीएम
