Aapka Rajasthan

समय और अनुभव के साथ बदला काम चुनने का नजरिया, एक्ट्रेस सई ताम्हणकर ने करियर पर की खुलकर बात

मुंबई, 27 अप्रैल (आईएएनएस)। फिल्म और मनोरंजन की दुनिया में कलाकारों की सोच, पसंद और काम को देखने का नजरिया बदलता रहता है। कई कलाकार अपने करियर की शुरुआत में हर तरह के किरदार निभाते हैं, लेकिन धीरे-धीरे अनुभव बढ़ने के साथ वे यह समझने लगते हैं कि उन्हें किस तरह का काम करना है और दर्शकों के बीच कैसी पहचान बनानी है। इसी विषय पर अभिनेत्री सई ताम्हणकर ने आईएएनएस से खुलकर बात की है।
 
इन दिनों वह अपनी नई सीरीज 'मटका किंग' को लेकर चर्चा में हैं, जिसमें वह बरखा के किरदार में नजर आ रही हैं।

आईएएनएस ने जब सई ताम्हणकर से पूछा कि क्या उनके करियर में ऐसा कोई मोड़ आया, जब उन्होंने यह तय किया कि अब वह कुछ खास तरह के किरदार नहीं करेंगी?

सई ने हमेशा अलग और चुनौतीपूर्ण किरदार निभाए है। उन्होंने 'हंटरर', 'लव सोनिया', 'मिमी', 'इंडिया लॉकडाउन' और 'ग्राउंड जीरो' जैसी फिल्मों में अपने अभिनय से लोगों का ध्यान खींचा है। इन फिल्मों में उनके किरदार काफी अलग रहे हैं। सई ताम्हणकर वेब सीरीज बिंदिया के बाहुबली में भी अपनी डायलॉग डिलीवरी से दर्शकों का ध्यान खींच चुकी हैं।

इस सवाल का जवाब देते हुए सई ने कहा, ''मेरे जीवन में ऐसा कोई भी बड़ा मोड़ नहीं आया। यह बदलाव धीरे-धीरे अनुभव के साथ आता है। जब कोई कलाकार लंबे समय तक इस उद्योग में काम करता है, तो उसे खुद की पहचान समझ आने लगती है। वह यह महसूस करने लगता है कि उसे किस तरह का काम करना अच्छा लगता है और वह चाहता है कि लोग उसे किस तरह के किरदारों के लिए याद रखें।''

अभिनेत्री ने कहा, ''यह पूरी प्रक्रिया लगातार चलती रहती है। इंसान समय के साथ सीखता है और उसकी सोच भी बदलती रहती है। अब शायद मुझे अपने काम और अपने चुनावों को लेकर पहले से ज्यादा स्पष्टता मिल गई है। इसी वजह से लोगों को मेरे काम में बदलाव नजर आ रहा है। हालांकि मैंने अपने लिए कोई सख्त नियम नहीं बनाए हैं कि मैं कौन सा किरदार करूंगी और कौन सा नहीं।''

सई ताम्हणकर ने कहा, ''मेरी पसंद और सोच समय के साथ स्वाभाविक रूप से बदली है। अनुभव, लगातार काम करने की प्रक्रिया और जीवन में आई समझदारी ने मेरे नजरिए को बदल दिया है। अब मैं पहले से अलग तरह की कहानियों और किरदारों की तरफ ज्यादा आकर्षित होती हैं। यह बदलाव किसी दबाव में नहीं, बल्कि अपने आप आया है।''

अभिनय की दुनिया में आने से पहले सई ताम्हणकर खेलों में भी काफी सक्रिय रही हैं। वह स्टेट-लेवल की कबड्डी प्लेयर रह चुकी हैं और कराटे में ऑरेंज बेल्ट भी हासिल कर चुकी हैं। अभिनय की दुनिया में उन्होंने अपने करियर की शुरुआत मराठी टीवी सीरियल्स में छोटे और सहायक किरदार निभाकर की थी। धीरे-धीरे उन्होंने अपनी मेहनत के दम पर फिल्म और वेब सीरीज की दुनिया में खास पहचान बनाई।

--आईएएनएस

पीके/वीसी