अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर कोलकाता में पीएम मोदी करेंगे जनता के साथ योग : प्रतापराव जाधव
कोलकाता, 19 जून (आईएएनएस)। 12वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस को लेकर पश्चिम बंगाल में उत्साह का माहौल है। इस बार कार्यक्रम को खास बनाने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी स्वयं कोलकाता पहुंचेंगे और आम लोगों के साथ योग करेंगे। प्रधानमंत्री के दौरे को लेकर राज्य और केंद्र सरकार के स्तर पर व्यापक तैयारियां की जा रही हैं।
केंद्रीय आयुष राज्य मंत्री प्रतापराव जाधव ने कहा कि 21 जून को आयोजित होने वाले 12वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस समारोह में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी मौजूद रहेंगे। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री स्वयं लोगों के साथ योगाभ्यास करेंगे। यह पूरे देश के लिए गर्व का विषय है और योग को जन-जन तक पहुंचाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।
वहीं राज्य सरकार के मंत्री इंद्रनील खान ने कहा कि पश्चिम बंगाल एक ऐतिहासिक पल का साक्षी बनने जा रहा है। उन्होंने कहा, "प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी हमारे बीच योग दिवस मनाने के लिए कोलकाता आ रहे हैं। लंबे समय तक पश्चिम बंगाल के लोगों को योग को सही तरीके से अपनाने और बड़े स्तर पर मनाने का अवसर नहीं मिल पाया था, लेकिन अब यह अवसर मिल रहा है।"
पूर्व भारतीय टेनिस खिलाड़ी और भाजपा नेता लिऐंडर पेस ने भी इस आयोजन को विशेष बताया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री एक महान नेता हैं और उनका कोलकाता तथा पश्चिम बंगाल आकर अंतरराष्ट्रीय योग दिवस में शामिल होना राज्य के लिए गौरव की बात है। रविवार सुबह 6:30 बजे रेड रोड पर यह भव्य आयोजन होगा। यह कार्यक्रम केंद्र और पश्चिम बंगाल के बीच एकता का भी प्रतीक बनेगा।
मंत्री तपस रॉय ने कहा कि योग भारत की प्राचीन विरासत है और इसकी शुरुआत भी यहीं से हुई है। उन्होंने प्रधानमंत्री मोदी के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि योग को फिर से लोकप्रिय बनाने और लोगों को शारीरिक रूप से सक्रिय तथा मानसिक रूप से शांत रखने के लिए उनका योगदान अतुलनीय है।
मुख्य सचिव मनोज कुमार अग्रवाल ने कहा कि यह पश्चिम बंगाल के लिए गर्व और उत्साह का क्षण है। प्रधानमंत्री के इस अंतरराष्ट्रीय योग कार्यक्रम में शामिल होने से देश और दुनिया की नजरें कोलकाता और पश्चिम बंगाल पर रहेंगी।
--आईएएनएस
वीकेयू/पीएम
