अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के लिए भारतीय वायुसेना तैयार, देशभर में होंगे विशेष योग कार्यक्रम
नई दिल्ली, 19 जून (आईएएनएस)। अंतरराष्ट्रीय योग दिवस को लेकर भारतीय वायुसेना ने व्यापक तैयारियां शुरू कर दी हैं। रक्षा मंत्रालय के अनुसार, भारतीय वायुसेना इस अवसर पर कॉमन योग प्रोटोकॉल का आयोजन करेगी और फिटनेस, मानसिक मजबूती तथा समग्र स्वास्थ्य के प्रति अपनी प्रतिबद्धता को दोहराएगी।
भारतीय वायुसेना का मानना है कि शारीरिक फिटनेस, मानसिक दृढ़ता और आंतरिक संतुलन हर एयर वॉरियर की सबसे महत्वपूर्ण विशेषताएं हैं। इन्हीं मूल्यों को ध्यान में रखते हुए इस वर्ष भी वायुसेना पूरे उत्साह के साथ योग दिवस मनाने जा रही है।
योग दिवस के अवसर पर देश के अलग-अलग हिस्सों में विशेष योग कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। यह आयोजन उत्तर में लेह के ऊंचे पर्वतीय क्षेत्रों से लेकर दक्षिण में कार निकोबार के समुद्री तटों तक, पूर्व में तवांग की सीमाओं से लेकर पश्चिम में पवित्र नगरी द्वारका तक फैला होगा। इस तरह भारतीय वायुसेना देश के लगभग हर भौगोलिक क्षेत्र में योग का संदेश पहुंचाएगी।
इन कार्यक्रमों में केवल वायुसेना के जवान और उनके परिवार ही नहीं, बल्कि स्कूलों के विद्यार्थी और एनसीसी कैडेट भी बड़ी संख्या में हिस्सा लेंगे। देशभर के विभिन्न एयरफोर्स स्टेशनों पर आयोजित होने वाले ये कार्यक्रम स्वास्थ्य, फिटनेस और योग के महत्व को बढ़ावा देने का काम करेंगे।
इस वर्ष अंतरराष्ट्रीय योग दिवस की थीम 'योग फॉर हेल्दी एजिंग' रखी गई है। यह थीम जीवन के हर चरण में शारीरिक ऊर्जा, मानसिक मजबूती और समग्र स्वास्थ्य को बेहतर बनाने में योग की भूमिका के बारे में बताता है।
रक्षा मंत्रालय ने कहा कि योग लोगों को स्वस्थ, संतुलित और सकारात्मक जीवन जीने के लिए प्रेरित करता है। यह न केवल शरीर को मजबूत बनाता है, बल्कि मन को शांत और एकाग्र भी करता है।
बता दें कि अंतरराष्ट्रीय योग दिवस प्रतिवर्ष 21 जून को पूरे विश्व में मनाया जाता है। यह दिन लोगों को मानसिक और शारीरिक रूप से स्वस्थ रहने के लिए योग को अपनी दिनचर्या में शामिल करने के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से मनाया जाता है।
--आईएएनएस
वीकेयू/पीएम
