Aapka Rajasthan

अंतरराष्ट्रीय फिल्म महोत्सव : राकेश ओमप्रकाश मेहरा, आशीष विद्यार्थी सहित कई कलाकारों ने की सिनेमा पर बात

नई दिल्ली, 27 मार्च (आईएएनएस)। भारतीय फिल्म उद्योग को बढ़ावा देने और सिनेमा को नए आयाम तक पहुंचाने के लिए दिल्ली में पांच दिवसीय अंतरराष्ट्रीय फिल्म महोत्सव हो रहा है।
 
अंतरराष्ट्रीय फिल्म महोत्सव : राकेश ओमप्रकाश मेहरा, आशीष विद्यार्थी सहित कई कलाकारों ने की सिनेमा पर बात

नई दिल्ली, 27 मार्च (आईएएनएस)। भारतीय फिल्म उद्योग को बढ़ावा देने और सिनेमा को नए आयाम तक पहुंचाने के लिए दिल्ली में पांच दिवसीय अंतरराष्ट्रीय फिल्म महोत्सव हो रहा है।

कार्यक्रम में दक्षिण भारतीय सिनेमा से लेकर अलग-अलग देशों के कलाकार हिस्सा ले रहे हैं। कार्यक्रम के तीसरे दिन फिल्म मेकर राकेश ओमप्रकाश मेहरा, वाणी त्रिपाठी, अभिनेता आशीष विद्यार्थी और बोमन ईरानी ने सिनेमा को लेकर अपनी राय रखी।

फिल्म मेकर राकेश ओमप्रकाश मेहरा ने मीडिया से बातचीत में दिल्ली और सिनेमा का गहरा संबंध बताया। उन्होंने कहा, "यह खुशी की बात है कि दिल्ली में अंतरराष्ट्रीय फिल्म महोत्सव रखा गया है और यह होना भी जरूरी है क्योंकि दिल्ली और सिनेमा का बहुत पुराना रिश्ता है। यहां एनएसडी है और दिल्ली ने कई बड़े स्टार्स, लेखक और म्यूजिशियन भी दिए हैं। दिल्ली मुंबई की गर्भनाल है, जो उसे अच्छा पोषण देती है।"

उन्होंने आगे कहा, "इस फेस्टिवल के बाद युवाओं को अपनी किस्मत आजमाने के लिए मुंबई की तरफ नहीं भागना पड़ेगा क्योंकि दिल्ली में ही अवसर बनाए जाएंगे।"

भारतीय अभिनेत्री और लेखिका वाणी त्रिपाठी ने कहा कि दिल्ली अपने आप में सिनेमा का जादू समाए है। 70, 80, 90 के दशक में दिल्ली का सिनेमा में बहुत बड़ा योगदान रहा है और अब समय आ रहा है कि दिल्ली और उसके आस-पास के युवाओं को कला के क्षेत्र में अवसर पाने के लिए मुंबई की तरफ न भागना पड़े। युवा दिल्ली में पढ़ते हैं और सपनों की तलाश में मुंबई पहुंच जाते हैं, लेकिन अब उनके लिए दिल्ली में ही प्रोजेक्ट्स लाए जा रहे हैं, जिनके लिए आपको कल तक का इंतजार करना होगा।

वहीं, अभिनेता आशीष विद्यार्थी ने बताया कि वह समारोह का हिस्सा बन बहुत खुश हैं और समारोह में उन्हें अपना शो 'कहानीबाज' दिखाने का मौका मिला। उन्होंने कहा, "यह देखकर बहुत खुशी होती है कि हम में से कितने कलाकारों की शुरुआत मंडी हाउस से हुई थी और आज उससे कुछ ही दूरी पर यह समारोह हो रहा है। पहले प्रगति मैदान के पास ही एक थिएटर हुआ करता था, शकुंतलम, जहां 4 रुपए में फिल्म देखने जाते थे। आज सारी पुरानी यादें ताजा हो गई।" आशीष विद्यार्थी ने फिल्म धुरंधर-2 की भी तारीफ की। उन्होंने कहा, "वैसे तो मैं फिल्म नहीं देखता, लेकिन धुरंधर-2 ने सिनेमा में नए आयाम रच दिए हैं। आदित्य धर ने नई फिल्म मेकिंग को जन्म दिया है।"

अभिनेता बोमन ईरानी भी अंतरराष्ट्रीय फिल्म महोत्सव का हिस्सा रहे। उन्होंने कार्यक्रम की सफलता की कामना की। उन्होंने कहा कि दिल्ली से आज नई शुरुआत हो चुकी है और यूएन से भी बड़े मंच जैसा डिस्कशन फिल्मों को लेकर हुआ और यह बहुत बड़ी बात है। इस समारोह से नए कलाकारों, लेखकों और सिनेमा से जुड़ने का सपना देखने वाले लोगों को मंच और अवसर दोनों मिलेंगे।

--आईएएनएस

पीएस/एबीएम