Aapka Rajasthan

अंतरराष्ट्रीय चुनावी कार्यक्रम का दूसरा चरण शुरू, 17 देशों के प्रतिनिधि लेंगे भारतीय चुनाव प्रक्रिया का अनुभव

नई दिल्ली, 21 अप्रैल (आईएएनएस)। भारत निर्वाचन आयोग ने अंतरराष्ट्रीय निर्वाचन आगंतुक कार्यक्रम (इंटरनेशनल इलेक्शन विजिटर्स प्रोग्राम, यानी आईईवीपी) 2026 के दूसरे चरण को हरी झंडी दिखाते हुए मंगलवार को राष्ट्रीय राजधानी में इसका औपचारिक शुभारंभ किया।
 
अंतरराष्ट्रीय चुनावी कार्यक्रम का दूसरा चरण शुरू, 17 देशों के प्रतिनिधि लेंगे भारतीय चुनाव प्रक्रिया का अनुभव

नई दिल्‍ली, 21 अप्रैल (आईएएनएस)। भारत निर्वाचन आयोग ने अंतरराष्ट्रीय निर्वाचन आगंतुक कार्यक्रम (इंटरनेशनल इलेक्‍शन विजिटर्स प्रोग्राम, यानी आईईवीपी) 2026 के दूसरे चरण को हरी झंडी दिखाते हुए मंगलवार को राष्ट्रीय राजधानी में इसका औपचारिक शुभारंभ किया।

यह कार्यक्रम तमिलनाडु और पश्चिम बंगाल की विधानसभाओं के लिए होने वाले आम चुनावों के संदर्भ में आयोजित किया जा रहा है। मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार ने भारत अंतरराष्ट्रीय लोकतंत्र एवं निर्वाचन प्रबंधन संस्थान (ट्रीपल आईडीईएम) में इस कार्यक्रम का उद्घाटन किया और इसे वैश्विक चुनावी सहयोग की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल बताया।

कार्यक्रम के दूसरे चरण में 17 देशों के कुल 34 प्रतिनिधि भाग ले रहे हैं, जिनमें दिल्ली स्थित विभिन्न विदेशी मिशनों के प्रतिनिधि तथा इंटरनेशनल आईडीईए के एक प्रतिनिधि भी शामिल हैं। ये सभी प्रतिनिधि 22 से 23 अप्रैल तक तमिलनाडु और पश्चिम बंगाल का दौरा करेंगे। इससे पहले, कार्यक्रम के प्रथम चरण के दौरान 8 से 9 अप्रैल के बीच प्रतिनिधियों ने असम, केरल और पुडुचेरी का भ्रमण किया था, जहां उन्होंने चुनावी प्रक्रियाओं का अवलोकन किया।

ट्रीपल आईडीईएम में आयोजित सत्र के दौरान प्रतिनिधियों को इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन (ईवीएम) का प्रदर्शन दिखाया गया और उन्हें मतदान प्रक्रिया का प्रत्यक्ष अनुभव भी कराया गया। प्रतिनिधियों ने मॉक पोल में भाग लेकर ईवीएम के उपयोग को समझा। इस दौरान उन्होंने भारत की चुनावी प्रणाली में प्रौद्योगिकी आधारित उपायों और प्रशासनिक नियंत्रण व्यवस्थाओं में गहरी रुचि दिखाई। विशेषज्ञों के साथ आयोजित एक संवादात्मक सत्र में उन्होंने अपने प्रश्नों और शंकाओं का समाधान भी प्राप्त किया।

अपने आगामी दौरे के तहत ये प्रतिनिधि 22 अप्रैल को तमिलनाडु और पश्चिम बंगाल के विभिन्न चुनावी प्रबंधन केंद्रों, जैसे प्रेषण एवं वितरण केंद्र, जिला नियंत्रण कक्ष और मीडिया निगरानी केंद्रों का निरीक्षण करेंगे। साथ ही, वे 23 अप्रैल की सुबह मतदान प्रक्रिया को भी प्रत्यक्ष रूप से देखेंगे, जिससे उन्हें भारत की चुनावी व्यवस्थाओं की जमीनी समझ प्राप्त हो सके।

भारत निर्वाचन आयोग का यह अंतरराष्ट्रीय निर्वाचन आगंतुक कार्यक्रम अन्य देशों और अंतरराष्ट्रीय संगठनों के चुनाव प्रबंधन निकायों के साथ सहयोग और सहभागिता बढ़ाने की दिशा में एक प्रमुख पहल है।

यह कार्यक्रम न केवल भारत की चुनावी प्रणाली की पारदर्शिता और मजबूती को प्रदर्शित करता है, बल्कि विदेशी प्रतिनिधियों को यहां अपनाई जा रही सर्वोत्तम प्रक्रियाओं और नवाचारों से भी परिचित कराता है। इसके माध्यम से भारत विश्व समुदाय के सामने अपने लोकतांत्रिक ढांचे की क्षमताओं और चुनाव संचालन की उत्कृष्ट व्यवस्थाओं को प्रभावी ढंग से प्रस्तुत कर रहा है।

--आईएएनएस

एएसएच/डीकेपी