अंक ज्योतिष 2026: आपके लिए क्या लेकर आ रहा है नया साल? जानिए अपनी किस्मत का हाल
नई दिल्ली, 30 दिसंबर (आईएएनएस)। अंक ज्योतिष के अनुसार, हमारे जीवन पर अंकों का गहरा प्रभाव पड़ता है। जन्मतिथि से निकाला गया मूलांक (1 से 9) व्यक्ति के स्वभाव, सोच और आने वाले समय की संभावनाओं का संकेत देता है। वर्ष 2026 को अंक ज्योतिष में 1 (2+0+2+6=10, 1+0=1) का प्रभावशाली वर्ष माना जा रहा है, जो नई शुरुआत, नेतृत्व और आत्मविश्वास का प्रतीक है। आइए जानते हैं नया साल आपके लिए क्या कुछ लेकर आ रहा है?
मूलांक 1 वालों के लिए 2026 बिल्कुल नैचुरल फ्लो वाला साल है। जैसे सब कुछ अपने आप आपके पक्ष में होता जा रहा हो। नई नौकरी, नया बिजनेस, नई जिम्मेदारी या जीवन में कोई नई शुरुआत संभव है। आत्मविश्वास बढ़ेगा, लेकिन एक बात का ध्यान रखना जरूरी है कि यह आत्मविश्वास अहंकार में न बदले। दूसरों की राय को नजरअंदाज करना नुकसानदायक हो सकता है।
मूलांक 2 के लिए यह साल भावनात्मक रूप से बहुत कुछ सिखाने वाला है। अब तक आप दूसरों को खुश रखने में खुद को भूलते रहे हैं। 2026 आपको यह समझाएगा कि अपनी भावनाओं और जरूरतों को नजरअंदाज करना सही नहीं। रिश्ते तभी मजबूत होंगे जब आप खुद को कमजोर नहीं समझेंगे और अपनी बात खुलकर रखेंगे।
मूलांक 3 वालों के लिए 2026 सम्मान और पहचान का साल है। आपकी समझ, आपकी बात और आपकी सलाह की अहमियत बढ़ेगी। लोग आपसे मार्गदर्शन मांगेंगे। यह साल आपको जरूरत से ज्यादा बोलने के बजाय सही दिशा दिखाने वाला बनाएगा। अगर आप शिक्षा, सलाह, ट्रेनिंग या कम्युनिकेशन से जुड़े हैं, तो यह साल खासतौर पर फायदेमंद हो सकता है।
मूलांक 4 के लिए साल की शुरुआत थोड़ी अव्यवस्थित लग सकती है। चीजें आपकी योजना के मुताबिक नहीं चलेंगी, जिससे मन में बेचैनी हो सकती है। लेकिन घबराने की जरूरत नहीं है। 2026 आपको धीरे-धीरे मजबूत बनाएगा। मेहनत, धैर्य और अनुशासन ही आपकी सबसे बड़ी ताकत साबित होंगे। साल के अंत तक आपको अपनी मेहनत का फल जरूर मिलेगा।
मूलांक 5 वालों के लिए 2026 बदलावों से भरा रहेगा। नए लोग, नई जगह, नए मौके आपके जीवन में आएंगे, लेकिन ध्यान भटकने का खतरा भी रहेगा। अगर आप फोकस खो बैठे, तो नुकसान हो सकता है। यह साल आपसे जिम्मेदारी और सही प्राथमिकता की मांग करेगा और सोच-समझकर लिया गया फैसला ही आपको आगे ले जाएगा।
मूलांक 6 के लिए 2026 रिश्तों और परिवार पर केंद्रित साल है। भावनाएं गहरी होंगी और अपनों के साथ जुड़ाव बढ़ेगा। लेकिन, एक बात याद रखना बहुत जरूरी है, खुद को पूरी तरह भूलकर दूसरों के लिए जीना सही नहीं। संतुलन बनाना सीखेंगे, तभी मानसिक शांति मिलेगी।
मूलांक 7 वालों के लिए 2026 बाहर से शांत लेकिन अंदर से गहरा बदलाव लाने वाला साल है। आप खुद को बेहतर समझने लगेंगे। ध्यान, आत्मचिंतन और अकेले समय से आपको ताकत मिलेगी। यह साल आत्मिक विकास और मानसिक स्पष्टता देने वाला है।
मूलांक 8 के लिए यह साल आसान नहीं कहा जा सकता। जिम्मेदारियां बढ़ेंगी, काम का दबाव रहेगा और कभी-कभी लगेगा कि सब कुछ बहुत भारी हो गया है। लेकिन यह साल बेकार भी नहीं है। साल के अंत तक आपको महसूस होगा कि यह मेहनत आपको कहीं मजबूत जगह तक ले आई।
मूलांक 9 वालों के लिए 2026 पुराने अध्याय बंद करने का साल है। गुस्सा, शिकायतें, अधूरा अतीत और भावनात्मक बोझ इन सबको आपको छोड़ना होगा। जब आप पुरानी चीजों को जाने देंगे, तभी नई शुरुआत संभव होगी।
(नोट:- यह आम जानकारी पर आधारित है। ज्यादा जानकारी के लिए विशेषज्ञ से सलाह ले सकते हैं।)
--आईएएनएस
पीआईएम/एबीएम
