अनिल विज का दावा- इंडिया गठबंधन अतीत की बात, पंजाब में भी आएगी भाजपा सरकार
चंडीगढ़, 1 जून (आईएएनएस)। हरियाणा के मंत्री अनिल विज ने दावा किया है कि इंडिया गठबंधन अतीत की बात हो चुकी है। उन्होंने कहा कि पंजाब में भी भाजपा सरकार आएगी।
तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) नेता अभिषेक बनर्जी पर हुए हमले को लेकर कांग्रेस नेता राहुल गांधी की प्रतिक्रिया पर टिप्पणी करते हुए अनिल विज ने कहा कि राहुल गांधी अपने बयानों पर स्थिर नहीं रहते और अक्सर बदलते रहते हैं। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी की राजनीतिक प्रतिक्रियाओं में निरंतरता की कमी दिखाई देती है। उन्होंने कहा कि लगातार चुनावी हार के कारण कांग्रेस नेतृत्व दबाव में है, और इसी वजह से राहुल गांधी कई मुद्दों पर असंगत बयान देते हैं।
टीएमसी नेता अभिषेक बनर्जी पर हुए और पश्चिम बंगाल की पूर्व मुख्यमंत्री ममता बनर्जी की सुरक्षा को लेकर उठ रहे सवालों पर प्रतिक्रिया देते हुए मंत्री अनिल विज ने समाचार एजेंसी आईएएनएस से बातचीत करते हुए कहा कि राज्य में कानून का राज है और मामले की जांच सरकार द्वारा कराई जा रही है। उन्होंने कहा कि जांच पूरी होने के बाद जो भी तथ्य सामने आएंगे, उन्हें सार्वजनिक किया जाएगा। विज ने कहा कि किसी भी घटना को लेकर निष्कर्ष पर पहुंचने से पहले जांच रिपोर्ट का इंतजार किया जाना चाहिए।
इंडिया गठबंधन को लेकर उन्होंने कहा कि गठबंधन अतीत बन चुका है। गठबंधन में शामिल दलों की विचारधारा कभी एक नहीं रही और न ही उनके बीच स्थायी राजनीतिक सामंजस्य बन पाया। उन्होंने दावा किया कि यह गठबंधन केवल औपचारिकता और राजनीतिक प्रदर्शन तक सीमित रहा तथा जमीनी स्तर पर प्रभावी साबित नहीं हो सका।
पंजाब में भाजपा की संभावनाओं पर विज ने विश्वास जताया कि आने वाले समय में पंजाब में भी भाजपा की सरकार बनेगी। उन्होंने कहा कि पंजाब हो या कोई दूसरा राज्य, देश की जनता ने यह मान लिया है कि इस देश में काम करने वाली पार्टी केवल एक है। वह भाजपा है, जिसका नेतृत्व प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी कर रहे हैं। लगातार विपक्ष के किले ढहते जा रहे हैं। पंजाब भी ढहेगा। पंजाब में भी भाजपा की सरकार बनेगी। वहां की जनता भी चाहती है कि भाजपा की सरकार बने।
राज्य प्रशासन और अधिकारियों के साथ अपने संबंधों को लेकर पूछे गए प्रश्न के उत्तर में अनिल विज ने कहा कि वह किसी अधिकारी की ‘क्लास’ नहीं लेते, बल्कि आवश्यकतानुसार उन्हें वही निर्देश देते हैं जो प्रशासनिक कार्यों के बेहतर संचालन के लिए जरूरी होते हैं। उन्होंने कहा कि शासन व्यवस्था में जवाबदेही और कार्यकुशलता बनाए रखना उनकी प्राथमिकता है।
कर्नाटक नेतृत्व बदलने पर उन्होंने कहा कि यह संबंधित पार्टी का आंतरिक मामला है। प्रत्येक राजनीतिक दल अपनी परिस्थितियों और आवश्यकताओं के अनुसार निर्णय लेता है और ऐसे मामलों पर बयान देना उचित नहीं होगा। उन्होंने संकेत दिया कि संबंधित पार्टी इस समय अपनी आंतरिक चुनौतियों से जूझ रही है।
भारतीय जनता पार्टी की हरियाणा इकाई की नई प्रदेश अध्यक्ष के रूप में डॉ. अर्चना गुप्ता की नियुक्ति का स्वागत करते हुए अनिल विज ने कहा कि भाजपा केवल महिलाओं के सशक्तिकरण की बात नहीं करती, बल्कि उन्हें नेतृत्व के अवसर भी प्रदान करती है। उन्होंने कहा कि पार्टी द्वारा महिला नेतृत्व को आगे बढ़ाने का यह एक महत्वपूर्ण कदम है और उन्हें विश्वास है कि डॉ. अर्चना गुप्ता के नेतृत्व में संगठन को नई ऊर्जा और गति मिलेगी।
--आईएएनएस
एएसएच/डीकेपी
