Aapka Rajasthan

अंग्रेजों के नारे ‘डिवाइड एंड रूल’ को कांग्रेस ने अपना लिया : रोहन गुप्ता

जयपुर, 25 अगस्त (आईएएनएस)। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नेता रोहन गुप्ता ने 'वंदे मातरम' को लेकर कांग्रेस पर अंग्रेजों के 'डिवाइड एंड रूल' के नारे को अपनाने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि अगर कांग्रेस राष्ट्रगीत के सभी छह छंद नहीं गाती है तो उसकी तुष्टीकरण की मानसिकता देश के सामने उजागर हो जाएगी।
 

जयपुर, 25 अगस्त (आईएएनएस)। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नेता रोहन गुप्ता ने 'वंदे मातरम' को लेकर कांग्रेस पर अंग्रेजों के 'डिवाइड एंड रूल' के नारे को अपनाने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि अगर कांग्रेस राष्ट्रगीत के सभी छह छंद नहीं गाती है तो उसकी तुष्टीकरण की मानसिकता देश के सामने उजागर हो जाएगी।

जयपुर में आईएएनएस से बातचीत में रोहन गुप्ता ने कहा कि ‘डिवाइड एंड रूल’ अंग्रेजों का नारा था और मुझे लगता है कि इसे कांग्रेस ने अपना लिया है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस ने अब 'वंदे मातरम' के भी टुकड़े कर दिए हैं।

भाजपा नेता ने कहा कि जो 'वंदे मातरम' कांग्रेस के अधिवेशनों में पूरा गाया जाता था, वह देश का राष्ट्रगीत है। राष्ट्रगीत का न कोई धर्म होता है और न कोई जाति। राष्ट्रगीत धर्म और जाति से परे है। किसी भी देश में अगर राष्ट्रगीत में कोई पंक्ति है तो क्या वह किसी धर्म के खिलाफ हो जाती है। वर्षों तक कांग्रेस की वजह से राष्ट्रगीत को अपमान सहना पड़ा। अगर कांग्रेस ‘वंदे मातरम’ के छह छंद नहीं गाती है तो उसकी तुष्टीकरण की मानसिकता देश के सामने उजागर हो जाएगी।

लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी के पुणे में आयोजित ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम को लेकर रोहन गुप्ता ने कहा कि यह ऐसी गूंज है, जो कांग्रेस के नेताओं को भी सुनाई नहीं देती। यह ऐसी गूंज है, जो झारखंड की सरकार को भी सुनाई नहीं देती। राहुल गांधी का कार्यक्रम केवल दिखावा है। अगर यह दिखावा नहीं होता तो राहुल गांधी पहले झारखंड जाते, वहां छात्रों के साथ बैठते, उनकी समस्याएं सुनते और उनके लिए कुछ करके दिखाते। जिस राज्य में कांग्रेस को सरकार चलाने का मौका मिला है, अगर वहां वह कुछ नहीं कर सकती और दूसरे राज्य में जाकर अपनी उपलब्धियों की मार्केटिंग करती है, तो देश की जनता उस पर कैसे भरोसा करेगी।

उन्होंने इसे केवल ‘पीआर एक्टिविटी’ बताते हुए कहा कि जनता कांग्रेस के चाल, चरित्र और चेहरे को समझ चुकी है। राहुल गांधी के मनुस्मृति को लेकर दिए गए बयान पर भी रोहन गुप्ता ने निशाना साधा। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी महिलाओं के अधिकारों की बात करते हैं, लेकिन उन अधिकारों की बात करते हुए आपको मनुस्मृति ही क्यों दिखता है? वे ट्रिपल तलाक के मुद्दे पर हमेशा खामोश क्यों रहे हैं?

उन्होंने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार द्वारा ट्रिपल तलाक के खिलाफ कानून बनाए जाने के बावजूद कांग्रेस उसके खिलाफ खड़ी हुई। अगर कांग्रेस महिलाओं के अधिकारों की बात करती है तो उसे मुस्लिम महिलाओं के अधिकारों पर भी बोलना चाहिए। कांग्रेस नेता बार-बार सनातन का अपमान करते हैं और उनके नेता भगवान राम के अस्तित्व पर सवाल उठाते हैं। जनता राहुल गांधी और कांग्रेस की हकीकत को समझ चुकी है।

--आईएएनएस

डीकेएम/एबीएम