Aapka Rajasthan

अनंतनाग पुलिस ने मट्टन में ड्रग तस्कर की 4.17 करोड़ की संपत्ति जब्त की, कुपवाड़ा में 6 करोड़ की हेरोइन बरामद

अनंतनाग, 22 नवंबर (आईएएनएस)। अनंतनाग और कुलगाम पुलिस ने नशीले पदार्थों की तस्करी करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की है। अनंतनाग पुलिस ने एक कुख्यात ड्रग तस्कर की लगभग 4.17 करोड़ की अचल संपत्ति जब्त की है। यह तस्कर अनंतनाग के मट्टन (सीर हमदान) निवासी इश्फाक अहमद मीर है।
 

अनंतनाग, 22 नवंबर (आईएएनएस)। अनंतनाग और कुलगाम पुलिस ने नशीले पदार्थों की तस्करी करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की है। अनंतनाग पुलिस ने एक कुख्यात ड्रग तस्कर की लगभग 4.17 करोड़ की अचल संपत्ति जब्त की है। यह तस्कर अनंतनाग के मट्टन (सीर हमदान) निवासी इश्फाक अहमद मीर है।

यह कार्रवाई मट्टन पुलिस द्वारा की गई है। आरोपी पर एनडीपीएस एक्ट के तहत कई मामले दर्ज हैं। जब्त की गई संपत्ति में एक रिहायशी मकान, आठ दुकानें, पांच कमरे, एक फायर-सर्विस शेड, एक शौचालय और दो वॉशरूम शामिल हैं। इनकी अनुमानित बाजार कीमत लगभग 4.17 करोड़ रुपये है।

पुलिस ने बताया यह कार्रवाई उस निरंतर प्रयास का हिस्सा है, जिसका उद्देश्य ड्रग तस्करों के वित्तीय नेटवर्क को तोड़ना और यह सुनिश्चित करना है कि नशीले पदार्थों के अवैध कारोबार से कमाई गई संपत्ति की पहचान हो और कानून के अनुसार उस पर कार्रवाई की जाए। अनंतनाग पुलिस ने नशीले पदार्थों की तस्करी के खिलाफ अपनी कार्रवाई को और तेज करने तथा जिले को नशा मुक्त बनाने के अपने दृढ़ संकल्प को दोहराया है।

वहीं, कुपवाड़ा पुलिस ने कर्नाह के अमरोही इलाके में 'कॉर्डन एंड सर्च ऑपरेशन' के दौरान लगभग 827 ग्राम हेरोइन जैसा पदार्थ बरामद किया। अंतरराष्ट्रीय बाजार में इसकी अनुमानित कीमत लगभग 6 करोड़ है। इस ऑपरेशन के दौरान कर्नाह के अमरोही निवासी शरीफ-उद-दीन तुंच के बेटे जमीर अहमद तुंच के घर की तलाशी ली गई। इस दौरान एक काला पॉलीथीन बैग मिला, जिसमें संदिग्ध नशीला पदार्थ था। इस मामले में एनडीपीए एक्ट की संबंधित धाराओं के तहत कर्नाह पुलिस स्टेशन में एफआईआर दर्ज कर ली गई है और जांच शुरू कर दी गई है।

जम्मू-कश्मीर पुलिस ने कहा कि नशीले पदार्थों की तस्करी और नशे की समस्या को खत्म करने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। नशीले पदार्थों की तस्करी में शामिल नेटवर्क की पहचान करने, उन्हें तोड़ने और इसमें शामिल लोगों के खिलाफ कानून के अनुसार सख्त कार्रवाई करने के प्रयास जारी रहेंगे।

--आईएएनएस

ओपी/पीएम