Aapka Rajasthan

आनंद विहार नमो भारत स्टेशन बना किताब प्रेमियों का नया ठिकाना, 23 अगस्त तक चल रहा 10 दिवसीय ‘स्टोरीबॉक्स’ बुक फेयर

नई दिल्ली, 18 अगस्त (आईएएनएस)। आनंद विहार नमो भारत स्टेशन इन दिनों केवल यात्रियों की आवाजाही का केंद्र नहीं, बल्कि किताब प्रेमियों के लिए भी खास आकर्षण का केंद्र बना हुआ है। स्टेशन परिसर में आयोजित 10 दिवसीय बुक फेयर ‘स्टोरीबॉक्स’ में बड़ी संख्या में पाठक पहुंच रहे हैं। 14 अगस्त से शुरू हुआ यह पुस्तक मेला 23 अगस्त तक चलेगा और रोजाना सुबह 9 बजे से रात 10 बजे तक आगंतुकों के लिए खुला रहेगा।
 

नई दिल्ली, 18 अगस्त (आईएएनएस)। आनंद विहार नमो भारत स्टेशन इन दिनों केवल यात्रियों की आवाजाही का केंद्र नहीं, बल्कि किताब प्रेमियों के लिए भी खास आकर्षण का केंद्र बना हुआ है। स्टेशन परिसर में आयोजित 10 दिवसीय बुक फेयर ‘स्टोरीबॉक्स’ में बड़ी संख्या में पाठक पहुंच रहे हैं। 14 अगस्त से शुरू हुआ यह पुस्तक मेला 23 अगस्त तक चलेगा और रोजाना सुबह 9 बजे से रात 10 बजे तक आगंतुकों के लिए खुला रहेगा।

बुक फेयर में 20,000 से अधिक ओरिजिनल किताबों का संग्रह उपलब्ध कराया गया है। इस पुस्तक मेले की सबसे खास बात इसका अनोखा बॉक्स-आधारित खरीदारी मॉडल है। यहां पाठकों को अलग-अलग किताबों की कीमत के हिसाब से खरीदारी करने के बजाय तय कीमत वाले बॉक्स में अपनी पसंद की किताबें भरकर खरीदने का विकल्प दिया जा रहा है। इसके लिए दो प्रकार के बॉक्स उपलब्ध हैं—‘स्टोरीबॉक्स मिनी’ और ‘स्टोरीबॉक्स बिगी’।

पाठक अपनी पसंद और बजट के अनुसार बॉक्स का चयन कर सकते हैं और उसमें जितनी किताबें आसानी से फिट हो सकें, उन्हें चुनकर एक साथ घर ले जा सकते हैं। इस व्यवस्था के चलते बुक फेयर में पहुंचने वाले लोगों के लिए किताबों की खरीदारी एक अलग अनुभव बन गई है। पाठक अलग-अलग स्टॉल पर उपलब्ध पुस्तकों को देखते हैं, अपनी पसंद की विधा की किताबें चुनते हैं और एक ही बॉक्स में अपनी पसंद का निजी कलेक्शन तैयार करते हैं। इससे कम बजट में भी ज्यादा किताबें खरीदने का अवसर मिल रहा है।

‘स्टोरीबॉक्स’ में हिंदी और अंग्रेजी दोनों भाषाओं में पुस्तकों का विस्तृत संग्रह मौजूद है। यहां फिक्शन, नॉन-फिक्शन, बच्चों की किताबों समेत अलग-अलग विषयों और शैलियों की पुस्तकें उपलब्ध हैं। यही वजह है कि बुक फेयर में छात्रों से लेकर परिवारों और रोजाना यात्रा करने वाले लोगों तक की रुचि देखने को मिल रही है। बुक फेयर को केवल किताबों की खरीदारी तक सीमित नहीं रखा गया है। यहां आगंतुकों को लेखकों से मिलने, मीट-एंड-ग्रीट सेशन में शामिल होने और पुस्तकों पर ऑटोग्राफ लेने का अवसर भी मिल रहा है।

इसके अलावा, एक्सक्लूसिव प्री-ऑर्डर, मर्चेंडाइज और किताबों से जुड़े अन्य अनुभव भी लोगों को आकर्षित कर रहे हैं। आनंद विहार की कनेक्टिविटी इस आयोजन को और खास बना रही है। यह क्षेत्र दिल्ली-एनसीआर के प्रमुख मल्टीमॉडल ट्रांसपोर्ट हब में शामिल है, जहां सार्वजनिक परिवहन के कई साधनों से पहुंचना आसान है। ऐसे में नमो भारत से सफर करने वाले यात्रियों के अलावा आसपास के क्षेत्रों से आने वाले लोगों के लिए भी पुस्तक मेले तक पहुंचना सुविधाजनक हो गया है।

एनसीआरटीसी की यह पहल नमो भारत स्टेशनों को केवल परिवहन केंद्र के बजाय जीवंत सोशल हब के रूप में विकसित करने की दिशा में उठाया गया कदम है। इसके तहत यात्रियों को कला, संस्कृति, इतिहास, शिक्षा और मनोरंजन से जुड़े नए अनुभव उपलब्ध कराने का प्रयास किया जा रहा है।

आनंद विहार स्टेशन पर लगा यह बुक फेयर इसी सोच को आगे बढ़ाता नजर आ रहा है। तेज रफ्तार दैनिक जीवन और व्यस्त यात्रा के बीच ‘स्टोरीबॉक्स’ लोगों को कुछ पल रुककर किताबों की दुनिया से जुड़ने का अवसर दे रहा है। यात्री अपने सफर के दौरान अपनी पसंद की किताब चुन रहे हैं और उसे अपने साथ घर ले जा रहे हैं। इस तरह आनंद विहार नमो भारत स्टेशन पर आयोजित यह पुस्तक मेला पढ़ने की संस्कृति को बढ़ावा देने के साथ-साथ स्टेशन को लोगों की रुचियों और समुदायों से जोड़ने वाले एक नए सार्वजनिक स्थान के रूप में भी पहचान दिला रहा है।

--आईएएनएस

पीकेटी/डीकेपी