Aapka Rajasthan

आनंद पर्वत में मामूली टक्कर पर चाकू मारकर हत्या, 7 घंटे में पुलिस ने सुलझाया केस

नई दिल्ली, 23 सितंबर (आईएएनएस)। मध्य दिल्ली के आनंद पर्वत इलाके में मामूली कहासुनी के बाद हुई हत्या की गुत्थी को पुलिस ने महज सात घंटे में सुलझा लिया है। इस मामले में पुलिस ने मुख्य आरोपी और दो नाबालिगों को पकड़ा है। साथ ही, वारदात में इस्तेमाल किया गया चाकू भी बरामद कर लिया गया है।
 

नई दिल्ली, 23 सितंबर (आईएएनएस)। मध्य दिल्ली के आनंद पर्वत इलाके में मामूली कहासुनी के बाद हुई हत्या की गुत्थी को पुलिस ने महज सात घंटे में सुलझा लिया है। इस मामले में पुलिस ने मुख्य आरोपी और दो नाबालिगों को पकड़ा है। साथ ही, वारदात में इस्तेमाल किया गया चाकू भी बरामद कर लिया गया है।

पुलिस के अनुसार, 22 सितंबर की रात 8.30 बजे आनंद पर्वत थाने की गली नंबर 16, थान सिंह रोड में एक युवक को चाकू मारे जाने की पीसीआर कॉल मिली। सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंची और क्राइम टीम से घटनास्थल की जांच कराई। घायल अवस्था में मिला आनंद पर्वत का ही रहने वाले 17 वर्षीय किशोर 'के' को कॉन्स्टेबल राजेश ने लोगों की मदद से जीवनमाला अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद आनंद पर्वत थाने में एफआईआर नंबर 128/26 धारा 103(1) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।

इस वारदात को गंभीरता से लेते हुए एसएचओ इंस्पेक्टर सुभाष चंद्र की देखरेख और एसीपी पटेल नगर सुनील कुमार के मार्गदर्शन में एक विशेष टीम बनाई गई। टीम में इन्वेस्टिगेटिंग ऑफिसर (आईओ) इंस्पेक्टर रणवीर सिंह, एसआई दीपांशु, हेड कांस्टेबल शरवन, हेड कांस्टेबल हरीश, कॉन्स्टेबल सुरेश, राजेश और गिरधारी शामिल थे।

टीम ने इलाके के सीसीटीवी फुटेज का बारीकी से विश्लेषण किया और तकनीकी निगरानी व स्थानीय मुखबिरों की मदद से तीनों आरोपियों की पहचान कर ली। इसके बाद आनंद पर्वत इलाके से ही तीनों को पकड़ लिया गया। पकड़े गए आरोपियों में मुख्य आरोपी तुषार (19) निवासी आनंद पर्वत जबकि दो अन्य 17 और 15 साल के किशोर हैं।

पूछताछ के दौरान आरोपियों ने बताया कि वे गली नंबर 16 से जा रहे थे, तभी सामने से आ रहा पीड़ित उनसे गलती से टकरा गया। इसी बात को लेकर बहस शुरू हो गई, जो देखते ही देखते बढ़ गई और तीनों ने मिलकर पीड़ित पर चाकू से हमला कर दिया और मौके से फरार हो गए। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर वारदात में इस्तेमाल किया गया चाकू भी बरामद कर लिया है।

डीसीपी सेंट्रल डिस्ट्रिक्ट रोहित राजबीर सिंह ने बताया कि पुलिस की तत्परता और तकनीकी जांच से महज 7 घंटे में हत्या का मामला सुलझा लिया गया। आगे की जांच जारी है।

--आईएएनएस

एससीएच/पीएम