Aapka Rajasthan

अमरोहा में तेज रफ्तार वाहन की टक्कर से बाइक सवार दो युवकों की मौत, एक गंभीर घायल

अमरोहा, 17 जुलाई (आईएएनएस)। उत्तर प्रदेश के अमरोहा जिले में एक दर्दनाक सड़क हादसे में दो युवकों की मौत हो गई, जबकि एक अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल का अस्पताल में इलाज जारी है। घटना के बाद परिवारों में कोहराम मचा है।
 

अमरोहा, 17 जुलाई (आईएएनएस)। उत्तर प्रदेश के अमरोहा जिले में एक दर्दनाक सड़क हादसे में दो युवकों की मौत हो गई, जबकि एक अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल का अस्पताल में इलाज जारी है। घटना के बाद परिवारों में कोहराम मचा है।

जानकारी के अनुसार, अमरोहा देहात थाना क्षेत्र के बाईपास रोड पर शुक्रवार को सड़क हादसा हुआ। एक ही बाइक पर सवार तीन युवक अपने गंतव्य की ओर जा रहे थे, तभी सामने से आए एक अज्ञात तेज रफ्तार वाहन ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गई और तीनों युवक सड़क पर दूर जा गिरे। हादसे के बाद राहगीरों की भीड़ जमा हो गई।

स्थानीय लोगों ने तत्काल पुलिस और एंबुलेंस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने घायलों को जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने दो युवकों को मृत घोषित कर दिया। मृतकों की पहचान प्रिंस पुत्र हरिश्चंद्र और दीपांशु पुत्र अमित के रूप में हुई है। वहीं, तीसरा युवक गंभीर रूप से घायल है, जिसे प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए मुरादाबाद हायर सेंटर रेफर कर दिया गया।

घटना की खबर मिलते ही दोनों मृतकों के परिवारों में कोहराम मच गया और अस्पताल में परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया।

जिला अस्पताल के चिकित्सकों ने बताया कि दोनों युवकों को अस्पताल लाए जाने से पहले ही उनकी मौत हो चुकी थी। घायल युवक की हालत गंभीर होने के कारण उसे तत्काल हायर सेंटर भेजा गया, जहां उसका इलाज जारी है।

अमरोहा जिला अस्पताल के इमरजेंसी मेडिकल ऑफिसर डॉक्टर चंद्रपाल सिंह ने बताया, "लड़के मोटरसाइकिल पर थे। यह हादसा कैल्सा बाईपास के पास हुआ। उनमें से दो की मौत हो चुकी थी। दोनों को मृत अवस्था में अस्पताल लाया गया था। एक लड़के वरुण को घायल हालत में लाया गया था। हमने उसे प्राथमिक उपचार दिया, भर्ती किया और बाद में उसके परिवार वाले उसे एक प्राइवेट अस्पताल ले गए। उसकी हालत स्थिर है और वह बच सकता है, लेकिन उसकी कमर में गंभीर चोट है।"

पुलिस के अनुसार, हादसे के बाद अज्ञात वाहन चालक मौके से फरार हो गया। घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है, ताकि वाहन और उसके चालक की पहचान की जा सके। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है।

--आईएएनएस

डीसीएच/