अमृतसर पुलिस ने तीन हथियार और नशा तस्करी नेटवर्क का किया भंडाफोड़, 11 आरोपी गिरफ्तार
अमृतसर, 3 नवंबर (आईएएनएस)। पंजाब में संगठित अपराध, अवैध हथियारों की तस्करी और नशे के नेटवर्क के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत अमृतसर कमिश्नरेट पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने अवैध हथियारों और नशे की सप्लाई करने वाले तीन अलग-अलग नेटवर्क का पर्दाफाश करते हुए 11 आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
आरोपियों के कब्जे से 12 अवैध पिस्तौल, 2 हैंड ग्रेनेड, 310.10 ग्राम हेरोइन और 33 जिंदा कारतूस बरामद किए गए हैं।
इस संबंध में पंजाब पुलिस के डीजीपी की ओर से जारी जानकारी के मुताबिक, शुरुआती जांच में सामने आया है कि गिरफ्तार आरोपी विदेशों में बैठे अपने हैंडलरों और गैंगस्टरों के संपर्क में थे। इन विदेशी हैंडलरों की मदद से ड्रोन के माध्यम से अवैध हथियारों और नशीले पदार्थों की खेप पंजाब में पहुंचाई जाती थी। इसके बाद इन हथियारों और नशे की सप्लाई को आपराधिक गतिविधियों में शामिल लोगों तक पहुंचाया जाता था।
जांच में यह भी खुलासा हुआ है कि आरोपी अवैध हथियारों का इस्तेमाल लोगों को डराने-धमकाने के लिए करते थे। रंगदारी की मांग को लेकर लोगों के घरों और दुकानों पर फायरिंग की जाती थी, ताकि इलाके में दहशत का माहौल पैदा कर उन्हें अपनी धमकियों के आगे झुकने के लिए मजबूर किया जा सके। पुलिस अब इस पूरे नेटवर्क के विदेशी संपर्कों और स्थानीय सहयोगियों की पहचान करने में जुटी हुई है।
पंजाब पुलिस के डीजीपी के अनुसार, इस मामले में अमृतसर के थाना रणजीत एवेन्यू, थाना छेहरटा और थाना सुल्तानविंड में तीन अलग-अलग एफआईआर दर्ज की गई हैं। पुलिस की ओर से आरोपियों से पूछताछ के आधार पर उनके पूरे नेटवर्क की कड़ियां जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है।
पुलिस जांच का मुख्य उद्देश्य इस नेटवर्क से जुड़े अन्य आरोपियों, हथियार सप्लाई करने वालों, नशा तस्करों और विदेशों में बैठे हैंडलरों की पहचान करना है। इसके साथ ही यह भी पता लगाया जा रहा है कि अब तक कितनी खेप ड्रोन के माध्यम से पंजाब में भेजी गई और इनका इस्तेमाल किन-किन आपराधिक वारदातों में किया गया।
पंजाब पुलिस ने स्पष्ट किया है कि संगठित अपराध, अवैध हथियारों की तस्करी और नशा तस्करी के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। पुलिस का कहना है कि ऐसे आपराधिक नेटवर्क को पूरी तरह ध्वस्त कर पंजाब को सुरक्षित और नशामुक्त बनाने के लिए सख्त कार्रवाई की जा रही है।
--आईएएनएस
एएसएच/एबीएम
