अमृतसर एयरपोर्ट पर कस्टम की बड़ी कार्रवाई, 6.27 किलो गांजा के साथ यात्री गिरफ्तार
अमृतसर, 17 अप्रैल (आईएएनएस)। पंजाब के अमृतसर एयरपोर्ट पर कस्टम विभाग को एक बड़ी सफलता मिली है। श्री गुरु रामदास जी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा पर कस्टम की कार्रवाई में एक अंतरराष्ट्रीय यात्री को गिरफ्तार कर उसके पास से भारी मात्रा में मादक पदार्थ बरामद किया गया है।
जानकारी के मुताबिक, कस्टम अधिकारियों ने एपीआईएस (एडवांस पैसेंजर इंफॉर्मेशन सिस्टम) प्रोफाइलिंग और नेशनल काउंटर टेररिज्म सेंटर (एनसीटीसी) से मिली खुफिया सूचना के आधार पर इस ऑपरेशन को अंजाम दिया। संदिग्ध यात्री बैंकॉक से सिंगापुर होते हुए फ्लाइट नंबर टीआर 750 के जरिए अमृतसर पहुंचा था। पहले से इनपुट होने के कारण जैसे ही यात्री एयरपोर्ट पर उतरा, उसकी गतिविधियों पर नजर रखी गई और प्रोफाइलिंग के बाद उसे जांच के लिए रोका गया।
कस्टम अधिकारियों द्वारा की गई गहन तलाशी में यात्री के सामान से 6270 ग्राम गांजा बरामद किया गया, जिसे बड़ी ही चालाकी से छिपाकर लाया जा रहा था। बरामद मादक पदार्थ की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब 6.27 करोड़ रुपए आंकी गई है।
इस कार्रवाई के तुरंत बाद आरोपी को हिरासत में ले लिया गया और उसके खिलाफ संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। प्रारंभिक जांच में यह संकेत मिले हैं कि आरोपी किसी अंतरराष्ट्रीय ड्रग तस्करी गिरोह से जुड़ा हो सकता है। अब जांच एजेंसियां इस पूरे नेटवर्क की गहराई से पड़ताल कर रही हैं, ताकि इसके पीछे जुड़े अन्य लोगों की पहचान कर उन्हें भी कानून के दायरे में लाया जा सके।
कस्टम विभाग की इस कार्रवाई को ड्रग तस्करी के खिलाफ बड़ी कामयाबी माना जा रहा है। अधिकारियों का कहना है कि देश के एयरपोर्ट्स पर निगरानी और खुफिया तंत्र को और मजबूत किया जा रहा है, ताकि इस तरह की अवैध गतिविधियों पर पूरी तरह अंकुश लगाया जा सके। अधिकारियों ने यह स्पष्ट किया कि भविष्य में भी संदिग्ध यात्रियों पर कड़ी नजर रखी जाएगी और ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
--आईएएनएस
पीएसके
