अमरिंदर सिंह राजा वारिंग ने की ‘लॉरेंस ऑफ पंजाब’ पर रोक लगाने की मांग, पीएम मोदी को लिखा पत्र
चंडीगढ़, 23 अप्रैल (आईएएनएस)। पंजाब कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष अमरिंदर सिंह राजा वारिंग ने वेब सीरीज ‘लॉरेंस ऑफ पंजाब’ पर रोक लगाने की मांग की है। उन्होंने इस संबंध में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को पत्र भी लिखा है।
अपने पत्र में उन्होंने इस बात पर जोर देते हुए कहा कि पंजाब गुरुओं, ऋषियों और पीरों की भूमि है। जिस तरह से इस वेब सीरीज में एक खूंखार अपराधी को महिमामंडित करने का प्रयास किया गया है, वो पंजाब की गरिमा पर आघात है, जिसे किसी भी कीमत पर स्वीकार नहीं किया है। उन्होंने अपने सोशल मीडिया पोस्ट एक्स के जरिए प्रधानमंत्री मोदी को लिखा पत्र भी साझा किया है।
पंजाब कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष अमरिंदर सिंह राजा वारिंग ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से अनुरोध करते हुए कहा कि वो सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय और आईटी मंत्री को इस बात का निर्देश दें कि ‘लॉरेंस ऑफ पंजाब’ वेब सीरीज पर रोक लगाई जाए, जिसमें एक खूंखार अपराधी का महिमामंडन किया गया है।
उन्होंने प्रधानमंत्री को लिखे अपने पत्र में कहा कि इस वेब सीरीज में एक ऐसे खूंखार अपराधी को महिमामंडित करने की कोशिश की गई है, जो कि कई तरह के जघन्य आपराधिक घटनाओं में संलिप्त रहा है, जिसमें सिद्धू मूसेवाला हत्याकांड प्रमुख रूप से शामिल है।
अमरिंदर सिंह राजा वांरिग ने अपने पत्र में पंजाब की भी तारीफ करते हुए कहा कि पंजाब एक पवित्र भूमि है। इसे देखते हुए हम सभी पंजाब के लोगों को इस तरह की वेब सीरिज से आपत्ति है। हम इसे किसी भी कीमत पर स्वीकार नहीं कर सकते हैं।
उन्होंने अपने पत्र में प्रधानमंत्री के संदर्भ में कहा कि आपने खुद लंबा समय पंजाब में बिताया है। आप पंजाब के इतिहास और यहां की संस्कृति से बखूबी वाकिफ हैं। साथ ही, उन्होंने अपने पत्र में यह सवाल उठाते हुए कहा कि क्या पंजाब जैसी पवित्र भूमि की एक पहचान एक ऐसे खूंखार अपराधी के रूप में होनी चाहिए, जो कि पूर्व में कई तरह की आपराधिक घटनाओं में संलिप्त रहा हो।
इसके अलावा, उन्होंने अपने पत्र में युवाओं को लेकर भी चिंता जताई। उन्होंने कहा कि इस तरह के वेब सीरीज हमारे प्रदेश के युवाओं को बुरी तरह से प्रभावित कर सकते है। यही नहीं, ऐसे वेब सीरीज हमारे युवाओं को आपारधिक दुनिया में धकेलने का काम करेंगे।
साथ ही, उन्होंने पंजाब की विराट सांस्कृतिक इतिहास का हवाला देते हुए कहा कि हमारे पंजाब को किसी परिचय की जरूरत नहीं है। पंजाब अपराधियों और गैंगस्टरों से जोड़कर देखा हमारे पंजाब और पंजाबियत का अपमान है। उन्होंने अपने पत्र में कहा कि इन्हीं सब बातों को ध्यान में रखते हुए हम प्रधानमंत्री मोदी से मांग करते हैं कि वे इस मामले में हस्तक्षेप करें और इस सीरीज पर रोक लगाने की दिशा में कदम उठाएं।
--आईएएनएस
पीएम
