अमरावती में आवारा कुत्ते के हमले से 9 साल की बच्ची घायल, चेहरे पर गंभीर चोटें
अमरावती, 17 जुलाई (आईएएनएस)। महाराष्ट्र के अमरावती में आवारा कुत्ते के हमले की एक गंभीर घटना सामने आई है। रुक्मिणी नगर स्थित सिद्धेश्वरी अपार्टमेंट में नौ साल की एक बच्ची पर एक आवारा कुत्ते ने हमला कर दिया, जिसमें वह गंभीर रूप से घायल हो गई। हमले के बाद बच्ची को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसका इलाज जारी है।
डॉक्टरों के अनुसार, बच्ची के चेहरे पर बेहद गंभीर चोटें आई हैं। इलाज कर रहे डॉक्टर आनंद काकानी ने बताया कि बच्ची को कुत्ते के काटने से बहुत गंभीर चोटें लगी हैं। हमले के कारण उसके चेहरे का एक बड़ा हिस्सा प्रभावित हुआ है और काफी मात्रा में टिशू नष्ट हो गया है। डॉक्टर ने बताया कि चेहरे को दोबारा ठीक करने के लिए बच्ची को प्लास्टिक सर्जरी की आवश्यकता पड़ सकती है।
डॉ. आनंद काकानी ने बताया कि फिलहाल बच्ची की हालत स्थिर है। उसे कुछ मात्रा में खून की कमी हुई है, लेकिन उसके शरीर के बाकी महत्वपूर्ण अंगों के कार्य सामान्य हैं। डॉक्टरों की टीम लगातार उसकी निगरानी कर रही है और आगे के इलाज की योजना बनाई जा रही है।
उन्होंने बताया कि रेबीज संक्रमण के बारे में अभी तुरंत कुछ कहना मुश्किल है। इसके लिए पहले यह पता लगाना जरूरी होगा कि जिस कुत्ते ने हमला किया, वह रेबीज से संक्रमित था या नहीं। डॉक्टर ने कहा कि शुरुआती जानकारी के अनुसार यह हमला बिना किसी उकसावे के हुआ है, इसलिए रेबीज की संभावना से इनकार नहीं किया जा सकता।
डॉक्टरों के मुताबिक, यदि कुत्ते में रेबीज की पुष्टि होती है तो बच्ची के स्वास्थ्य पर इसका असर पड़ सकता है। हालांकि, यह स्पष्ट होने में कुछ समय लगेगा कि संक्रमण का कोई खतरा है या नहीं। फिलहाल बच्ची को जरूरी चिकित्सा देखभाल दी जा रही है और डॉक्टर उसकी स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं।
--आईएएनएस
पीआईएम/एएस
