'डायलॉग याद कर लीजिएगा', अमिताभ की इस सलाह ने बदल दी रेखा की सोच
मुंबई, 9 अक्टूबर (आईएएनएस)। हिंदी सिनेमा में रेखा और अमिताभ बच्चन का नाम जब भी साथ लिया जाता है, तो उनके साथ में की गई फिल्मों और पर्दे पर उनकी जोड़ी की चर्चा जरूर होती है। दोनों ने कई फिल्मों में साथ काम किया और उनकी जोड़ी को दर्शकों ने खूब पसंद किया, हालांकि अमिताभ के साथ काम करने के शुरुआती दिनों में रेखा के लिए कैमरे के सामने सहज रहना आसान नहीं था। एक समय ऐसा भी था, जब अमिताभ के सामने आते ही वह इतनी घबरा जाती थीं कि अपने डायलॉग तक भूल जाती थीं। इस बात का खुलासा खुद रेखा ने एक पुराने इंटरव्यू में किया था।
दरअसल, रेखा ने सिमी ग्रेवाल के चर्चित शो 'रेंडेजवस विद सिमी ग्रेवाल' में अमिताभ बच्चन के साथ काम करने के अपने अनुभव साझा किए थे। इस बातचीत का जिक्र लेखक यासिर उस्मान ने अपनी किताब 'रेखा: द अनटोल्ड स्टोरी' में भी किया है। रेखा ने बताया कि अमिताभ के साथ काम करने के शुरुआती दौर में वह उनके सामने काफी नर्वस रहती थीं। फिल्म 'दीवार' में अमिताभ का अभिनय देखने के बाद उनके मन में उनको लेकर काफी सम्मान था। अमिताभ की तरह शानदार अभिनय करने का दवाब वह खुद पर लेने लगी थीं।
रेखा और अमिताभ बच्चन ने पहली बार 1976 में आई फिल्म 'दो अनजाने' में साथ काम किया था। इस फिल्म में अमिताभ ने अमित रॉय का किरदार निभाया था, जबकि रेखा फिल्म में उनकी पत्नी रेखा रॉय के रूप में नजर आई थीं। फिल्म की कहानी एक ऐसे पति-पत्नी के रिश्ते के इर्द-गिर्द घूमती है, जिसमें महत्वाकांक्षा, धोखा और बदले की भावना है।
रेखा ने अपने अनुभव को याद करते हुए बताया था कि अमिताभ के सामने वह अपनी लाइन्स बोलने में भी घबराती थीं। उनकी घबराहट इतनी ज्यादा होती थी कि कई बार डायलॉग याद होने के बावजूद वह उन्हें ठीक से बोल नहीं पाती थीं। एक दिन अमिताभ ने उनसे कहा, 'सुनिए... जरा डायलॉग याद कर लीजिएगा।' अमिताभ की यह बात सुनकर रेखा ने अपने ऊपर काम करना शुरू किया और मेहनत के दम पर इंडस्ट्री में अलग पहचान बनाई।
'दो अनजाने' के बाद रेखा और अमिताभ बच्चन ने 'खून पसीना', 'मुकद्दर का सिकंदर', 'मिस्टर नटवरलाल' और 'सुहाग' जैसी फिल्मों में भी साथ काम किया। इन फिल्मों ने उनकी जोड़ी को दर्शकों के बीच लोकप्रिय बनाया। खासकर 'मुकद्दर का सिकंदर' में दोनों की जोड़ी को दर्शकों ने काफी पसंद किया। समय के साथ पर्दे पर उनकी जोड़ी हिंदी सिनेमा की चर्चित जोड़ियों में शामिल हो गई।
--आईएएनएस
पीके/वीसी
