अमिताभ बच्चन ने याद किए पुराने दिन, कहा-शरू में लोग बोलते थे कि एक्टिंग-वैक्टिंग कुछ नहीं आता
मुंबई, 18 अगस्त (आईएएनएस)। फिल्म इंडस्ट्री की चकाचौंध भरी दुनिया का सपना हर कोई देखता है, लेकिन जो लंबे संघर्ष और रिजेक्शन जैसी मुश्किलों को पार कर जाता है वही सुपरस्टार कहलाता है। बड़े से बड़े एक्टर को करियर के शुरुआती दौर में हर किसी को रिजेक्शन का सामना करना पड़ता है। ऐसा ही कुछ मेगास्टार अमिताभ बच्चन के साथ हुआ था।
मेगास्टार अमिताभ बच्चन ने क्विज रियलिटी शो 'कौन बनेगा करोड़पति सीजन-18' के कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 की गोल्ड मेडलिस्ट लवलीना बोरगोहेन, जसवंत कुमार, शर्मिला धनकर और अस्मिता डे के साथ एक खास एपिसोड में बातचीत के दौरान अपने शुरुआती दिनों की मुश्किलें बताईं।
उन्होंने संघर्ष के दिनों को याद कर बताया कि शुरुआत में उन्हें भी काफी रिजेक्शन और कड़ी आलोचनाओं का सामना करना पड़ा था। शो में मेगास्टार ने बताया कि शुरुआती दिनों में उनसे कहा गया था कि एक्टर बनने के लिए वे काफी लंबे हैं।
शो के दौरान अस्मिता ने मेगास्टार के साथ बातचीत में पूछा, "जैसे एथलीट्स को ट्रेनिंग के दौरान गलती करने पर कोच डांटते हैं, क्या एक्टर्स को भी फिल्म सेट पर डायरेक्टर्स से डांट खानी पड़ती है?"
अभिनेता अमिताभ बच्चन ने बताया कि जब वो इंडस्ट्री में अपनी जगह बनाने की कोशिश कर रहे थे, तब उन्हें कितनी आलोचनाएं सुननी पड़ी थीं। उन्होंने कहा, "हमको बड़ी डांटे पड़ती थीं, शुरू-शुरू में तो लोग बोलते थे कि तुमको तो एक्टिंग-वैक्टिंग कुछ आता ही नहीं, बहुत लंबे हो अपने घर जाओ।"
फिर उन्होंने याद किया कि आखिरकार काम मिलने के बाद भी बुराई बंद नहीं हुई। उन्होंने कहा, "आमतौर हममें से सभी समय पर पहुंचने का प्रयास करते हैं, लेकिन एक बार मुझे पहुंचने में देर हो गई। सेट के बाहर डायरेक्टर खड़े थे और हम किसी और की गाड़ी लेकर पहुंचे, तब हमारे पास नहीं हुआ करती थी। सेट पर हम जैसे ही पहुंचे, तो डायरेक्टर ने हमें फिल्म से ही निकाल दिया था।
बता दें कि अभिनेता अमिताभ बच्चन पिछले पांच दशकों से ज्यादा समय से एंटरटेनमेंट इंडस्ट्री का हिस्सा हैं, उनका सिनेमा से पहला जुड़ाव एक्टिंग में आने से पहले एक वॉइस-ओवर आर्टिस्ट के तौर पर हुआ था। 1969 में उन्होंने मृणाल सेन की 'भुवन शोम' में अपनी खास बैरिटोन आवाज़ दी थी, जो एक कम बजट की फिल्म थी जो भारत के पैरेलल सिनेमा मूवमेंट का एक लैंडमार्क बन गई।
--आईएएनएस
एनएस/पीएम
